खंडवा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूर्ण होने पर संघ के सेवा कार्यों को लेकर निर्मित फिल्म ‘शतक’ का विशेष प्रसारण शुक्रवार को अभिषेक सिनेमा में प्रातः 9:30 बजे किया गया। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस फिल्म को देखकर संघ के राष्ट्रीय जीवन के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक जागरण और संगठित समाज निर्माण के महान उद्देश्य को नमन किया।
संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर गौरवशाली इतिहास का दर्शन
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने 100 वर्ष पूर्ण कर राष्ट्र सेवा की एक गौरवशाली शताब्दी का इतिहास रचा है। संघ की स्थापना परमपूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा इस संकल्प के साथ की गई थी कि संगठित, संस्कारित और चरित्रवान समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार बन सकता है। इसी शताब्दी वर्ष की प्रेरणादायी गाथा को चलचित्र के माध्यम से प्रस्तुत करने वाली फिल्म “शतक” का सामूहिक प्रदर्शन भाजपा के जिला संगठन प्रभारी अंबाराम कराडा, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर और महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
स्वतंत्रता पूर्व से लेकर अब तक की गाथा का प्रभावशाली चित्रण
सुनील जैन ने बताया कि फिल्म “शतक” में संघ की स्थापना की पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता पूर्व की राष्ट्रीय परिस्थितियां, संगठन निर्माण की तपश्चर्या, अनुशासन एवं सेवा कार्यों की विस्तृत परंपरा को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है। यह चलचित्र स्पष्ट करता है कि किस प्रकार एक विचार से प्रारंभ हुआ यह संगठन आज सेवा, समरसता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरण का व्यापक अभियान बन चुका है।
‘राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों का कार्य अद्भुत’
जिला संगठन प्रभारी अंबाराम कराडा ने कहा कि संघ के स्वयंसेवकों का राष्ट्र निर्माण का कार्य अद्भुत है, जिसे देश ही नहीं विश्व मानता है। आजादी की लड़ाई से लेकर समस्त सेवा कार्यों में स्वयंसेवकों की भूमिका निस्वार्थ रही है। वहीं, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को संघ की मूल विचारधारा, संगठन शक्ति, सेवा संस्कार और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प से परिचित कराना मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि “शतक” केवल एक ऐतिहासिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना को जागृत करने वाला सशक्त माध्यम है।
वंदे मातरम् के गान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के समापन पर संघ प्रार्थना की गई तथा सभी उपस्थितजनों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण के कार्यों में और अधिक ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण के साथ सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिला संगठन प्रभारी अंबाराम कराडा, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े, महापौर अमृता अमर यादव, पूर्व विधायक देवेन्द्र वर्मा, राम डांगोरे, सुभाष कोठारी, राजेश डोगरे, सेवादास पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर, जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, संतोष सोनी, सूरजपाल सिंह सोलंकी, राजेश तिवारी, अमर यादव, प्रवक्ता सुनील जैन, जिला उपाध्यक्ष प्रियांशु चौरे, तपन डोंगरे, सुधांशु जैन, इंदुमती दुबे सहित नगर निगम के सदस्य, पार्षदगण, संगठन के मंडल अध्यक्ष स्नेहा पंवार, रोहित मिश्रा, प्रदीप यादव, कार्यालय मंत्री हरीश सेन, आशीष राजपूत, भारत पटेल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



खंडवा









Share















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































