खंडवा। ताप्ती नर्मदा रेल लाइन संघर्ष समिति के सदस्यों ने गुरुवार को एकत्रित होकर भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, रेलवे बोर्ड अध्यक्ष, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा सी.ई.ओ. नीति आयोग को पत्र लिखकर अलीराजपुर-खंडवा रेल लाइन का कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की।
📄 ‘सर्वे पूर्ण, लेकिन डीपीआर बनने में हो रहा विलंब’
समिति सदस्यों ने बताया कि अलीराजपुर-खंडवा रेलवे लाइन का सर्वे कार्य मार्च 2026 में पूर्ण हो चुका है। परंतु अलीराजपुर-खंडवा रेलवे लाइन की डीपीआर बनने में विलंब हो रहा है। अतः यथाशीघ्र इस रेलवे लाइन की डीपीआर बनाकर जल्द से जल्द बजट स्वीकृत कर इस रेलवे लाइन का कार्य शुरू किया जाए।
🌾 आदिवासी क्षेत्रों में व्यापार और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
उल्लेखनीय है कि खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर समस्त आदिवासी बहुल क्षेत्र में महुआ, आम, बेर, मिर्ची, कपास, सोयाबीन व अन्य व्यापारिक फसलें प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होती हैं, साथ ही खनिज डोलामाइट भी प्रचुर मात्रा में प्राप्त होता है। यदि यह रेलवे लाइन प्रारंभ होती है तो व्यापार क्षेत्र में हम क्षेत्रवासियों को रेलवे का अत्यधिक लाभ प्राप्त होगा एवं देश के अन्य भागों से जुड़ने का भी लाभ प्राप्त होगा। इस रेलवे लाइन से कई रेल विहीन क्षेत्र भी रेलवे से जुड़ जाएंगे।
✉️ संघर्ष समिति के सदस्यों ने स्पीड पोस्ट से भेजे पत्र
गुरुवार को रेल संघर्ष समिति के भानु भाई पटेल, सुजान सिंह राठौर, चंद्र कुमार सांड, गिरीश तिवारी, राम मोहन रघुवंशी, अशोक किलावरे, मनोज पाराशर और अश्विनी बर्कले आदि ने पत्र लिखकर स्पीड पोस्ट से भेजे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























