खण्डवा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भोपाल में आयोजित ‘किसान महा चौपाल’ में किसानों को संबोधित किया जिसमें खंडवा सहित निमाड़ से भी हजारों की संख्या में कांग्रेसजन भोपाल पहुंचे थे।
जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने भाजपा द्वारा व्यापार समझौते और कर्जमाफी को लेकर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस नेता उत्तमपाल सिंह और प्रतिभा रघुवंशी ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि भाजपा किसानों के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका से ट्रेड डील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एप्सटीन फाइल्स, अडानी के खिलाफ अमेरिका में क्रिमिनल केस के दबाव में किया है। यह डील नहीं किसानों के दिल में तीर है।

“राहुल गांधी की चेतावनियां समय के साथ सही साबित हुईं”
नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने पूर्व में नोटबंदी, वस्तु एवं सेवा कर और कृषि कानूनों को लेकर जो आशंकाएं जताई थीं, वे बाद में सही साबित हुईं। अब प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर भी उनकी चिंताएं किसानों और देश की अर्थव्यवस्था से जुड़ी हैं। उत्तमपाल सिंह ने कहा कि भाजपा बार-बार कर्जमाफी का मुद्दा उठाकर जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि किसानों की आय और लागत का सवाल आज भी अनुत्तरित है।
“निमाड़ के किसानों पर सीधा असर”
प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि व्यापार समझौते की खबर सामने आने के बाद निमाड़ क्षेत्र में कपास के दामों में गिरावट दर्ज की गई है। यदि विदेशी कृषि और दुग्ध उत्पाद बिना पर्याप्त सुरक्षा के बाजार में आए, तो इसका सीधा नुकसान स्थानीय किसानों और पशुपालकों को होगा।
“किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रक्षा प्राथमिकता”
दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी इस मुद्दे पर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाएगी और किसानों की आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक विवाद नहीं, बल्कि प्रदेश के किसानों के भविष्य से जुड़ा प्रश्न है और कांग्रेस इस विषय पर हर स्तर पर संघर्ष करेगी।



खंडवा









शेयर करें














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































