नई दिल्ली। बॉलीवुड में इन दिनों ड्रग्स का मुद्दा गर्माया हुआ है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जांच में कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ से इस सिलसिले में पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को रकुलप्रीत एनसीबी के सामने पूछताछ के लिए पेश हुईं। वहीं, दीपिका पादुकोण, सारा अली ख़ान और श्रद्धा कपूर से 26 सितम्बर को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। दीपिका और सारा गोवा में थीं। दोनों बुधवार को ही मुंबई पहुंच गयीं। इस बीच एक्ट्रेस टिया बाजपेयी ने एक अनोखा क़दम उठाया है। टिया ने बॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री को बदनामी से बचाने के लिए अपना ड्रग टेस्ट करवाया और इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करके दूसरे लोगों से भी स्वैच्छिक तौर पर टेस्ट करवाने की गुज़ारिश की ताकि पूरी इंडस्ट्री पर सवालिया निशान ना लगें।
टिया ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वो कहती हैं- इस वक़्त मनोरंजन उद्योग को बदनाम किया जा रहा है, क्योंकि कुछ चुनिंदा लोग ड्रग्स का सेवन करते हैं। इसलिए मैंने अपना ड्रग टेस्ट करवाया है, जो नेगेटिव आया है। मैं आप सब लोगों से गुज़ारिश करूंगी कि सभी को एक रंग में ना रंगें। हम में से कुछ वाकई गंभीरता के साथ अपना काम करते हैं और वाकई बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। मैं अपने सभी साथी कलाकारों से गुज़ारिश करती हूं कि वे अपना ड्रग टेस्ट करवाएं और इसे सार्वजनिक कर दें। अपने परिवार, काम और फैंस के लिए इसे ट्वीट करें।



मनोरंजन




















