पलामू/पाकुड़/धनबाद/बोकारो/साहिबगंजः झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व की तैयारियां अब अंतिम चरण में है. सभी जिलों के डिस्पैच सेंटर्स से पोलिंग पार्टियां नियत पोलिंग बूथों के लिए रवाना हो चुके हैं. इस उत्सव में भाग लेने के लिए मतदानकर्मियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. वहीं प्रशासन भी इसको लेकर पूरी तरह से मुस्तैद है और दावा है कि मतदान भयमुक्त वातावरण में कराए जाएंगे. इसलिए मतदाता निर्भिक होकर अपने घरों से निकलें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें.
पलामू के जीएलए कॉलेज से रवाना हुए मतदानकर्मी
साल 2018 के बाद झारखंड में निकाय चुनाव हो रहा है. पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम, बिश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में चुनाव होना है. सोमवार की सुबह 7 से वोटिंग की शुरुआत हो जाएगी. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज स्ट्रांग रूम बनाया गया है.
रविवार को मतदान कर्मी में स्ट्रॉन्ग रूम से अपने-अपने क्लस्टर के लिए रवाना हुए. पलामू में निकाय चुनाव को लेकर 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जबकि 11 क्लस्टर बनाए गए हैं. मतदानकर्मी रविवार की रात क्लस्टर पर गुजारेंगे और सोमवार की सुबह मतदान केंद्रों में जाएंगे. मतदान को लेकर पलामू जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है. वोटिंग को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है एवं क्यूआरटी टीम भी गठित की गई है.
चुनाव को लेकर मतदानकर्मी रवाना हुए हैं सभी क्लस्टर पर रखेंगे और मतदान केंद्रों तक जाएंगे. पलामू जिला प्रशासन चुनाव को लेकर तैयार है. लोगों से अपील की जा रही है कि वह अधिक से अधिक मतदान में भाग ले, पलामू जिला प्रशासन फियर फ्री एवं फेयर इलेक्शन करवाने के लिए तैयार है. सभी लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचे और वोट करें. -समीरा एस, डीसी, पलामू. वोटिंग को लेकर पूरी तैयारी पूरी कर ली गई है कि क्यूआरटी टीम भी तैनात किया गया है एवं पुलिस बल की भी तैनाती की गई है. पुलिस चुनाव को लेकर अलर्ट है और सभी इलाकों में नजर बनाए हुए है. पुलिस सभी से लोगों से अपील कर रही है कि वो अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मतदान करें. -रीष्मा रमेशन, एसपी, पलामू. 2.31 लाख मतदाता 246 बूथ पर करेंगे वोटिंग पलामू में नगर निकाय चुनाव में पांचों क्षेत्र को मिलाकर 2 लाख 31 हजार 790 मतदाता वोटिंग करेंगे. चुनाव को लेकर 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में 1 लाख 19 हजार 034 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे नगर निगम क्षेत्र में 132 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में 65 हजार 827 पुरुष जबकि 63 हजार 206 महिला मतदाता है. पाकुड़ में अधिकारियों ने दी ब्रीफिंग पाकुड़ में कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण से जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार पुलिस एवं अधीक्षक निधि द्विवेदी ने 42 बूथों पर निष्पक्ष स्वतंत्र चुनाव कराए जाने को लेकर मतदान दल में शामिल कर्मियों को रवाना किया. बूथों पर कर्मियों को रवाना करने के पूर्व उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने ब्रीफिंग कर दायित्वों एवं कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन करने, पारदर्शी मतदान कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिया. इस मौके पर दंडाधिकारियों पुलिस पदाधिकारियों को भयमुक्त एवं बाधा रहित चुनाव कराने को लेकर निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन का अनुपालन करने, शांतिपूर्व चुनाव में बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटने एवं बूथों पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया. सभी मतदान कर्मियों को बाजार समिति प्रांगण में चुनाव सामग्रियों, प्रपत्रों, मतपेटी डिस्पैच सेंटर में मुहैया कराया गया और पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ उन्हें बूथों पर भेजा गया. मतदान दल में शामिल कर्मियों पुलिस पदाधिकारी को अभिनंदन किट भी दिया गया. आगामी 23 फरवरी को होने वाले चुनाव में वार्ड पार्षद के 89 एवं अध्यक्ष पद के 10 प्रत्याशी मैदान में है. प्रशासन ने 42 मतदान केंद्र बनाया है जिनमें से 6 को संवेदनशील एवं 4 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है. आगामी 23 फरवरी को 37 हजार 33 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. प्रशासन ने 10 मतदान केंद्र को थीम आधारित बूथ बनाया है. दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाने के लिए प्रशासन ने टोटो, व्हील चेयर का भी इंतजाम किया है. इसके अलावा बूथों पर पेयजल का भी इंतजाम किया गया है. पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराने को लेकर सारे इंतजाम किए गए हैं. वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया बाधा रहित और भयमुक्त चुनाव कराने को लेकर 450 जवानों की तैनाती की गई है. चुनाव को लेकर शहरी क्षेत्र के चौक-चौराहे पर भी पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है साथ ही साथ शहर से सटे ग्रामीण इलाकों की सीमा पर जैप जिला पुलिस होमगार्ड एवं चौकीदार की तैनाती की गई है. उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की है. बोकारो में वोटिंग के लिए प्रशासन की तैयारी पूरी बोकारो में नगर पालिका चुनाव के तहत जिला के चास नगर निगम क्षेत्र एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान संपन्न कराया जाएगा. मतदान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर 08 बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल को डिस्पैच सेंटर बनाया गया है, जहां से मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. वहीं चास स्थित बाजार समिति को वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां मतदान उपरांत बैलेट बाक्स एवं अन्य सामग्री सुरक्षित रखी जाएगी. रविवार सुबह से ही मतदान दल रवाना होने लगे है जिसको लेकर पदाधिकारी, कर्मियों की प्रतिनियुक्ति हुई है. डीईओ सह डीसी, डीडीसी की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. चास नगर निगम क्षेत्र में कुल 136 मतदान केंद्रों तथा फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 65 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा. डी अजय नाथ ने बताया कि मतदान को लेकर के सारी तैयारी कर ली गई है मतदानकर्मियों को तत्काल यहीं पर मानदेय भी उनका भुगतान कर दिया जा रहा है सिर्फ बैलेंस पेपर जा करके वह लेंगे क्योंकि उनको रिसीव करना है. उपयुक्त में लोगों से चुनाव में भागीदारी की अपील की है. उन्होंने कहा कि हम परिस्थिति में तैयार हैं चुनाव के लिए जो सिस्टम होता है बैलेंट या ईवीएम हम कराने को तैयार रहते हैं. चुनाव एक प्रक्रिया है और अलग-अलग कोषांग है सभी अपने-अपने कामों में रहते हैं हम इस प्रक्रिया के तहत चुनाव को संपन्न कर लेते हैं. पुलिस बल के साथ तीन मतदान कर्मियों को हम लोग भेजने का काम कर रहे हैं. उन्होंने 28 फरवरी को रिटायर करने वाले शिक्षक को भी धन्यवाद दिया. रिटायर होने से पहले मतदानकर्मी के रूप में नजर आए शिक्षक दुर्गा बोकारो में नगरपालिका चुनाव कराने को लेकर रविवार को सेक्टर-8/बी स्थित डीएवी इस्पात विद्यालय से मतदान के लिए डिस्पैच का कार्य आरंभ हो गया. सभी मतदानकर्मी अपने-अपने कर्तव्यों पर तैनात हैं. ऐसे में एक ऐसे भी मतदान कर्मी है, जो सेवानिवृत्ति के बिलकुल नजदीक समय में भी चुनाव कार्य में तैनात हैं. वे चाहते तो चुनाव कार्य से छूट के लिए भी अनुरोध भी कर सकते थे परंतु उन्होंने ऐसा नहीं किया. ये मतदान कर्मी हैं दुर्गा प्रसाद साहू, जो वर्तमान में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर मध्य विद्यालय भेंडरा प्रखंड नावाडीह में पदस्थापित हैं. इनकी सेवानिवृत्ति 28 फरवरी 2026 को है फिर भी वे चुनाव कार्य पूरे जोश से लगे हुए हैं. उन्होंने बातचीत के क्रम में बताया कि वे अब तक 16 बार चुनाव करा चुके हैं और उनकी सेवानिवृत्ति 28 फरवरी, 2026 को है. इसके बावजूद उन्होंने चुनाव कार्य से छूट का अनुरोध नहीं किया, वे इस कार्य से अब तक जुड़े हुए हैं. वे कहते हैं मैं 1994 में नौकरी ज्वाइन किया और 1996 से चुनाव कार्य में लगा हूं मुझे इस पूरे कार्यकाल में चुनाव कार्य में कोई परेशानी नहीं हुई. दुर्गा प्रसाद साहू ने बताया कि पहले भी वैलेट पेपर से चुनाव करा चुके हैं और बीच में ईवीएम आया उसमें चुनाव कराने के बाद मेरा अंतिम चुनाव कार्य बैलट पेपर से ही संपन्न होने जा रहा है. मेरा सौभाग्य है कि राज्य और देश की सेवा करने का मौका मिला मुझे इसमें आत्मसंतुष्टि मिलती है और मैंने संपूर्ण जीवन ईमानदारी से कार्य किया है. इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने मतदानकर्मी दुर्गा प्रसाद साहू को प्रोत्साहित भी किया. धनबाद ग्रामीण एसपी की समीक्षा बैठक धनबाद के निरसा में चिरकुंडा नगर परिषद चुनाव को लेकर शनिवार की देर शाम धनबाद ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी चिरकुंडा थाना पहुंचे व निरसा अनुमंडल के एसडीपीओ रजत मणिक बाखला व थाना एवं ओपी के सभी पदाधिकारियों के साथ निकाय चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक की. ग्रामीण एसपी ने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर पुलीस की रणनीति बनाई जा रही है ताकि किस तरह चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से किया जा सके. उसी के तहत चिरकुंडा में फ्लैग मार्च निकाला गया. पुलिस पदाधिकारी व फोर्स पर्याप्त संख्या में हैं अलग से भी फोर्स की तैयारी की गई है बाहर के जिलों से भी फोर्स आई है. ग्रामीण एसपी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को हम पूर्णत: अच्छी ढंग से करने में सक्षम हैं. चुंकि चिरकुंडा क्षेत्र के सटे पश्चिम बंगाल का बॉर्डर है इसलिए यहां चेकपोस्ट हमारी कार्यरत है ताकि धन व बल का उपयोग ना हो सके आने जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही है. शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न करना हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी. साहिबगंज में पोलिंग पार्टी व सेक्टर मजिस्ट्रेट रवाना साहिबगंज जिला के तीनों नगर निकाय चुनाव को संपन्न कराने को लेकर रविवार की सुबह पोलिंग पार्टी, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को बैलेट बाक्स सहित आवश्यक सामग्री के साथ रवाना किया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर निकाय) सह उपायुक्त हेमंत सती ने सभी कर्मियों को संबोधित किया और शुभकामना दी. जिला के तीनों नगर निकाय को लेकर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और शाम पांच बजे तक वोटिंग खत्म होगी. 690 मतदानकर्मियों को चुनाव में लगाया गया है. साहिबगंज नगर परिषद् क्षेत्र के लिए कुल-16 सेक्टर आफिसर, नगर पंचायत, राजमहल- 06 तथा नगर पंचायत, बरहरवा- 05 सेक्टर आफिसर तैनात किये गये हैं. नगर परिषद के 28 वार्डों में कुल 66 मतदान केंद्र व एक सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां कुल मतदाता 69 हजार 164 अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. अध्यक्ष पद के लिए 18 अभ्यर्थी व वार्ड पार्षद के लिए 108 अभ्यर्थी मैदान में हैं. राजमहल नगर पंचायत के 14 वार्डों में कुल 19 मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 17 हजार 859 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. यहां अध्यक्ष पद के लिए चार अभ्यर्थी एवं वार्ड पार्षद के लिए 43 अभ्यर्थी मैदान में हैं. नगर पंचायत बरहड़वा के 14 वार्डो में कुल 20 मतदान केंद्र बनाया गया है जहां कुल 19 हजार 353 मतदाता मतदान करेंगे. अध्यक्ष पद के लिए छह अभ्यर्थी एवं वार्ड पार्षद के लिए 57 अभ्यर्थी मैदान में हैं.आपको यह खबर कैसी लगी?


झारखण्ड


























