खंडवा/पंधाना: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पंधाना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की महिलाओं और विकास कार्यों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने एक सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की कुल 1.25 करोड़ लाड़ली बहना हितग्राहियों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस योजना के तहत अकेले खंडवा जिले की लगभग 2 लाख हितग्राही लाभान्वित हुई हैं।
पंधाना के लिए विशेष घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
सुक्ता माइक्रो सिंचाई परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
जल संसाधन विभाग के अधीन पंधाना तालाब को अब नगर परिषद को हस्तांतरित किया जाएगा।
पंधाना में ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत प्याज प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की स्वीकृति दी गई।
नारी शक्ति का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का स्थान सर्वोच्च है। प्रदेश सरकार उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि पहले गरीब परिवारों को बेटी की शादी के लिए कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 55 हजार रुपये की सहायता सीधे दी जाती है।
2 कार्यों का भूमिपूजन और 11 कार्यों का लोकार्पण
विकास की दिशा में मुख्यमंत्री ने लगभग 255 करोड़ रुपये की लागत के 2 कार्यों का भूमिपूजन और 354 करोड़ रुपये की लागत के 11 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
प्रमुख भूमिपूजन:
खंडवा नगर निगम की सीवरेज परियोजना (लागत 252 करोड़ रुपये)।
पंधाना का नया बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं रैन बसेरा (लागत 2.90 करोड़ रुपये)।
प्रमुख लोकार्पण:
भाम सिंचाई परियोजना: 301.41 करोड़ रुपये।
सांदीपनि विद्यालय पंधाना: 37 करोड़ रुपये।
संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन: 11.06 करोड़ रुपये।
आयुष्मान आरोग्य केंद्र: छैगांवदेवी, हरसवाड़ा और बलखड़घाटी में नवनिर्मित भवन।
अन्य: सहकारिता विभाग के गोदाम और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया गोविंद मोरे, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, प्रवक्ता सुनील जैन, कलेक्टर ऋषव गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।गरिमामयी उपस्थिति


खंडवा



























