बोरावां/खंडवा | राजनीतिक समाचार
पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री अरुण यादव ने मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए दावेदार नहीं हैं और प्रत्याशी का चयन कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा।
🎙️ ‘मैं सामान्य कार्यकर्ता हूं, हाईकमान का फैसला रहेगा सर्वमान्य’
अपने पिता और मध्य प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के जन्मदिन ‘भक्ति दिवस’ के अवसर पर अपने गृहग्राम बोरावां में मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में अरुण यादव ने यह बात कही। उन्होंने कहा, “मैं कांग्रेस का एक सामान्य कार्यकर्ता हूं। राज्यसभा की सीट के लिए मैं दावेदार नहीं हूं। इस सीट का फैसला हाईकमान द्वारा किया जाएगा और केंद्रीय नेतृत्व का जो भी फैसला होगा, वह हम सभी को सर्वमान्य रहेगा।”
🛡️ ‘राज्यसभा सीट पर भाजपा के मंसूबे नहीं होंगे कामयाब’
मीडिया में बार-बार नाम आने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अरुण यादव को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की उठ रही मांग पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और मीडिया का आभार व्यक्त किया। मध्य प्रदेश में कांग्रेस को मिलने वाली राज्यसभा की एक सीट को भाजपा द्वारा षड्यंत्रपूर्वक हथियाने की अटकलों पर श्री यादव ने स्पष्ट किया कि भाजपा अपने मंसूबों में किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं हो पाएगी और कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित रहेगी।
🙏 खंडवा के कांग्रेसजनों ने बोरावां पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि मप्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के जन्मदिन (भक्ति दिवस) के अवसर पर बोरावां में आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं सुंदरकांड के पाठ में खंडवा से भी कई प्रशंसक और कांग्रेसी नेता पहुंचे। बोरावां रवाना होने से पहले खंडवा के गांधी भवन में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां स्व. सुभाष यादव के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिमा रघुवंशी, मोहन ढाकसे, सुनील आर्य, श्याम यादव, विकास व्यास, ओंकार पटेल, आलोक सिंह रावत, विशाल जैन, अर्ष पाठक, राज ढाकसे, यशवंत सिलावट, प्रशांत बारचे, दीपक मुल्लू राठौर, मनोज सोनी, प्रितेश जैन, अय्यूब लाला, रणधीर कैथवास, वीरेंद्र गौतम, सुरेश गुरबानी, अहमद पटेल, महमूद खान, वकील नीलकंठ और वामनराव जाधव सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।


खंडवा


























