खंडवा। जिले के खालवा क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। लोकायुक्त पुलिस ने खालवा में पदस्थ एक आंगनवाड़ी सुपरवाइजर को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सुपरवाइजर अपने ही क्षेत्र में एक कार्यकर्ता की पदस्थापना कराने के एवज में 2 लाख रुपए की भारी-भरकम रिश्वत मांग रही थी।
नियुक्ति के नाम पर 2 लाख रुपए की डिमांड
लोकायुक्त टीआई आशुतोष मिठास ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम मौजवाड़ी निवासी सालिता नामक महिला को आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर सुपरवाइजर अंजिला मोहे द्वारा 2 लाख रुपए की मांग की गई थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि जब उसने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसे धमकी दी गई कि उसके स्थान पर किसी अन्य महिला को भर्ती कर लिया जाएगा। इस दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने लोकायुक्त पुलिस (इंदौर) से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की रणनीति तैयार की।

5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
गुरुवार दोपहर लोकायुक्त इंदौर की टीम खंडवा से करीब 50 किलोमीटर दूर खालवा पहुंची। योजना के अनुसार, जैसे ही आरोपी सुपरवाइजर अंजिला मोहे ने पीड़िता से 5 हजार रुपए की नकद रिश्वत ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त की इस अचानक हुई कार्रवाई से महिला एवं बाल विकास विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
कलेक्टर ने खालवा से हटाकर मुख्यालय किया अटैच
लोकायुक्त की इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने भी तुरंत एक्शन लिया है। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मामले पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संबंधित सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से खालवा से हटाकर खंडवा मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस तरह के भ्रष्टाचार के मामलों को बेहद गंभीरता से लेता है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



खंडवा









Share















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































