खंडवा | धर्म एवं जैन समाज समाचार
आगामी 11 से 16 अप्रैल तक आयोजित होने वाले भव्य जिन प्रतिमा प्रतिष्ठा महोत्सव के निर्देशन, संपादन एवं सानिध्य हेतु पूज्य मुनि श्री 108 आदित्यसागरजी मुनिराज का पदविहार इंदौर से खंडवा की पावन धरा की ओर प्रारंभ हो गया है। समाज के सचिव सुनील जैन और प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि मुनिराज ससंघ (तीन पिच्छी) लगभग 130 किलोमीटर की पदयात्रा मात्र छह दिनों में पूर्ण करेंगे।
🚶 चिलचिलाती धूप में कठिन तप, प्रस्तुत कर रहे भक्ति का अद्भुत उदाहरण
चिलचिलाती धूप में, अत्यंत कठिन तप एवं नियमों का पालन करते हुए, केवल एक समय आहार एवं सीमित जल ग्रहण करने वाले दिगंबर मुनिराज का यह मंगल विहार श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। इस पावन यात्रा में इंदौर, खंडवा एवं विभिन्न स्थानों के अनेक श्रावकगण सहभागी बन रहे हैं। ज्ञातव्य है कि खंडवा स्थित बजरंग चौक के महावीर जिन मंदिर में नवीन जिन प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा पूज्य मुनिश्री के सानिध्य में पूर्ण धार्मिक विधि-विधान एवं भव्य आयोजन के साथ संपन्न की जाएगी।
🙏 सौधर्म इंद्र कर रहे सेवा, आज चोरल रिसोर्ट में होगी आहारचर्या
पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत ‘सौधर्म इंद्र’ पात्र के रूप में संजय जी कासलीवाल अपने सहयोगी इंद्र पात्रों के साथ मुनिसंघ के समक्ष उपस्थित होकर आहारचर्या एवं विहार में सेवा का सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं। बुधवार को मुनिसंघ की आहारचर्या निरंतराय संपन्न हुई। कल 2 अप्रैल (गुरुवार) को संघ की आहारचर्या इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर चोरल के निकट रिसोर्ट में होगी। समाजजनों से अपेक्षा की गई है कि अधिक से अधिक श्रावक गुरुवार को संघ की चर्या (आहार-विहार) में सहयोगी बनें।
🗓️ 7 अप्रैल को होगा मंगल प्रवेश, तापड़िया गार्डन में सजेगा मुख्य पांडाल
यह संपूर्ण पंचकल्याणक महोत्सव शहर के तापड़िया गार्डन में आयोजित होगा। मुनिसंघ का खंडवा में मंगल प्रवेश 7 अप्रैल तक संभावित है। 7 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मुनिराज के सानिध्य में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा। सकल जैन समाज के सहयोग से इस भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण उत्साह के साथ की जा रही हैं। समस्त जैन समाज एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागी होकर धर्मलाभ लेने का विनम्र आग्रह किया गया है।


खंडवा


























