गणेश तलाई/खंडवा | धर्म एवं उत्सव समाचार
पूरे शहर में हनुमान मंदिरों में 2 अप्रैल (गुरुवार) को श्रीराम भक्त हनुमान जी की जन्म जयंती महोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दर्शन, पूजा-अर्चना के साथ कई स्थानों पर भंडारे भी आयोजित होंगे। शहर के गणेश तलाई स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्म महोत्सव 1 एवं 2 अप्रैल को भव्य रूप से मनाया जा रहा है।
🙏 अखंड रामायण पाठ से हुई शुरुआत, आज मनेगा जन्म महोत्सव
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि 1 अप्रैल (बुधवार) को प्रातः 6:00 बजे श्री अखंड रामायण पाठ प्रारम्भ हुआ, जिसकी समाप्ति 2 अप्रैल (गुरुवार) को प्रातः 5:00 बजे हुई। तत्पश्चात श्री बालाजी भजन मण्डल द्वारा प्रातः 5:00 बजे से 6:00 बजे तक भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। 2 अप्रैल (गुरुवार) को प्रातः 6:00 बजे श्री हनुमान जी की जन्म आरती की जाएगी और प्रातः 8:00 बजे से 10:00 बजे तक हवन होगा। दोपहर 11:00 बजे श्री हनुमान जी की भोग आरती की जाएगी, जिसमें भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा।
🌺 वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा महाअभिषेक और शृंगार आरती
दोपहर 1:00 से 3:00 बजे तक श्री हनुमान जी का पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद, शक्कर) से वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा महाअभिषेक किया जाएगा। सायंकाल 5:30 बजे श्री हनुमान जी की विशेष शृंगार आरती की जाएगी एवं उत्सव की महाआरती रात्रि 8:30 बजे संपन्न होगी। उत्सव के दौरान मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है।
✨ पीपल के खोड़ से प्रकट हुए थे ‘खोड़या हनुमान’, लगती है विशेष अर्जी
मंदिर के पंडित संतोष शुक्ला ने बताया कि यह स्थान अति प्राचीन होने के साथ ही श्री हनुमान जी की मूर्ति स्वयं प्रकट होने तथा मूर्ति पीपल के खोड़ में से प्रकट होने के कारण इस स्थान को ‘खोड़या हनुमान’ के नाम से भी जाना जाता है। इस स्थान की मान्यता है कि श्री हनुमान जी के समक्ष श्रीफल (नारियल) भेंट कर अर्जी लगाई जाती है। अर्जी स्वीकार होने पर श्री हनुमान जी का चोला पूजन किया जाता है। भक्तों द्वारा मनोकामना पूर्ण होने पर मंदिर में सवामणी (भण्डारा) का आयोजन भी किया जाता है।
🥥 शनि, राहु-केतु के दुष्प्रभावों का होता है शमन
पंडित श्री शुक्ल ने बताया कि भक्तों की राशियों पर होने वाले शनि, राहु, केतु व अन्य ग्रहों के दुष्प्रभाव से बचने के लिए श्री खेड़ापति हनुमान जी को श्रीफल भेंट कर अर्जी लगाकर प्रार्थना की जाती है, जिसका विशेष फल भक्तों को प्राप्त होता है। मंदिर में प्रति शनिवार एवं मंगलवार को भक्तों की मनोकामना पूर्ण होने पर श्री हनुमान जी का चोला पूजन किया जाता है। मंदिर के पुजारी संतोष शुक्ला ने सभी धर्म प्रेमी बंधुओं से हनुमान जयंती पर आयोजित महोत्सव में उपस्थित होकर पुण्य प्राप्त करने का अनुरोध किया है।


खंडवा


























