नई दिल्ली। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में बृहस्पतिवार को 88वां वायुसेना दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर चल रहे एयर शो के दौरान सारंग हेलिकॉप्टर ने डॉल्फिन लीप का प्रदर्शन किया। इससे पहले राफेल और तेजस ने उड़ान भरी। इस दौरान हिंडन एयरबेस पर मौजूद लोग वाह-वाह कर उठे। वहीं, विंटेज विमान टाइगर मोथ ने भी अपना करतब दिखाया। इस मौके पर IAF चीफ एयर चीफ मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि वह राष्ट्र को आश्वस्त करना चाहते हैं कि भारतीय वायु सेना विकसित होगी और देश की संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए सभी परिस्थितियों में कभी भी तैयार रहेगी।
LIVE Air Force Day 2020 News Update:
एयर शो में चिनूक और अपाचे हेलीकाप्टर तीनों सेनाओं के प्रमुखों को सलामी देंगे। राफेल, तेजस और सुखोई की तिकड़ी ट्रांसफार्मर फार्मेशन बनाकर लोगों को अपनी ताकत दिखाएगी। इसके साथ ही सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम और सारंग हेलीकाप्टर टीम के आकाशीय करतब लोगों को रोमांचित करेंगे। वहीं विंटेज विमान टाइगरमोथ और डकोटा लोगों को वायुसेना के एतिहासिक शौर्य से रूबरू करवाएंगे।
चीन-पाक को दिया जाएगा सख्त संदेश
माना जा रहा है कि समारोह के संबोधन के दौरान वायुसेना प्रमुख चीन और पाकिस्तान को सख्त संदेश दे सकते हैं। समारोह की थीम नई खोज करो, एकता में रहो और दुश्मन को भयभीत करो रखी गई है। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में वायुसेना दिवस समारोह को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से ही रूट डायवर्जन शुरू हो जाएगा। एडवायजरी के मुताबिक दिल्ली और नोएडा जाने वाले लोगों से कहा गया है कि वे हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की ओर न जाएं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


देश


























