खंडवा। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 के लिए डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय खंडवा एवं आईसेक्ट (AISECT) समूह की पुरुष क्रिकेट टीम ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के गठन हेतु खंडवा के जिमखाना क्रिकेट ग्राउंड, सूरजकुंड में चयन ट्रायल्स सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
ट्रायल्स में निमाड़ एवं आसपास के जिलों से आए लगभग 150 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवा खिलाड़ियों ने बैटिंग, बॉलिंग और विकेटकीपिंग में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
तकनीक, फिटनेस और अनुशासन पर रहा विशेष ध्यान…
सुबह से शुरू हुए ट्रायल्स में खिलाड़ियों को विभिन्न कड़े पैमानों पर परखा गया। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और चुनौतीपूर्ण बनाए रखने के लिए चयन समिति ने निम्नलिखित आधारों पर मूल्यांकन किया:
फिटनेस ड्रिल्स: खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता की जांच की गई।
नेट प्रैक्टिस और मैच सिमुलेशन: वास्तविक मैच की परिस्थितियों में खिलाड़ियों की तकनीक और खेल की समझ को परखा गया।
अनुशासन: खिलाड़ियों के मैदान पर व्यवहार और खेल के प्रति गंभीरता का भी मूल्यांकन किया गया।
आईसेक्ट समूह द्वारा टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की दिशा में की गई यह पहल क्षेत्रीय प्रतिभाओं को एक पेशेवर मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ का उद्देश्य केवल टीम निर्माण तक सीमित न रहकर खिलाड़ियों को दीर्घकालिक प्रशिक्षण, पेशेवर मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।प्रतिभाओं को संरचित मंच प्रदान करने की पहल…
“निमाड़ में क्रिकेट प्रतिभा की कोई कमी नहीं”: डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी…
आईसेक्ट समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि, “निमाड़ क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इन ट्रायल्स में खिलाड़ियों ने जिस अनुशासन, जुनून और खेल समझ का प्रदर्शन किया है, वह भविष्य के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है।” उन्होंने आगे कहा कि यह चयन प्रक्रिया खिलाड़ियों के लिए केवल एक अवसर नहीं, बल्कि एक संगठित विकास यात्रा की शुरुआत है। हमारा प्रयास है कि क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया जाए।



खंडवा









शेयर करें














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































