खंडवा। एप्सटीन फाइल (Epstein Files) में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने के आरोपों को लेकर महिला कांग्रेस ने गुरुवार शाम जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से रैली निकालकर केवलराम पेट्रोल पंप पहुंचकर केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन किया।
‘देश की छवि हुई खराब, मंत्री दें इस्तीफा’
महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव सुनीता सकरगाये ने कहा कि यह पूरा मामला महिलाओं के सम्मान और देश की प्रतिष्ठा के साथ जुड़ा हुआ है। कांग्रेसियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि एप्सटीन फाइल्स में सैकड़ों बार बीजेपी और उनके नेताओं का नाम आना बेहद शर्मनाक है और इससे वैश्विक स्तर पर देश की छवि खराब हुई है। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष हेमलता पालीवाल ने कहा कि भारत को नारी शक्ति का सम्मान करने वाला राष्ट्र कहा जाता है। ऐसे में यदि किसी मंत्री का नाम गंभीर आरोपों में आता है, तो उन्हें नैतिकता के आधार पर तुरंत पद छोड़ देना चाहिए।
बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर जनआंदोलन किया जाएगा और पूरे देश में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) की अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने यह कदम उठाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रचना तिवारी ने भी मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री के खिलाफ अपना कड़ा विरोध जताया।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ प्रदर्शन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेसजन शाम करीब 4:30 बजे गांधी भवन में एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए केवलराम पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की सुनीता सकरगाये, रचना तिवारी, हेमलता पालीवाल, सरोज बघेल, मीना वर्मा, रूपा कास्डे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी, सुनील सकरगाये, शांतनु दीक्षित, सलीम पटेल, प्रेमांशु जैन, इमरान गौरी, चैनसिंह वर्मा, मनोज मंडलोई, राजकुमार कैथवास, विकास व्यास, अय्यूब लाला, शहजाद पवार, सागर पवार, दिव्यांश ओझा, हन्नान खोकर, अब्दुल कादिर, गुरप्रीत सिंह होरा, विशाल जैन, वामनराव जाधव, वकील नीलकंठ, आशीष कपिल, योगेश जांगिड़, अयान, वीरेंद्र गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।



खंडवा









Share















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































