खंडवा | शिक्षा एवं प्रादेशिक समाचार
“बिना शिक्षा के जीवन अधूरा है। हम भी पढ़ें और दूसरों को भी पढ़ाएं, कोई भी बालक-बालिका शिक्षा से वंचित न रहे, इसलिए सरकार शासकीय स्कूलों में निःशुल्क शिक्षा के साथ पाठ्यपुस्तिका, ड्रेस एवं साइकिल तक उपलब्ध करा रही है।” यह बात ‘स्कूल चलें हम’ के प्रथम दिन 1 अप्रैल को मोतीलाल नेहरू स्कूल में जिला स्तरीय प्रवेश उत्सव के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों से कही।
🎒 ‘शासन की योजनाओं का लाभ लें और परिवार का नाम रोशन करें’
श्रीमती वानखेड़े ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई के लिए शासन की योजनाओं का पूरा लाभ लें और अच्छी पढ़ाई कर अपना और अपने परिवार का नाम रोशन करें। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शिक्षा के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही हैं। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत 1 अप्रैल को (पहले दिन) प्रवेश उत्सव आयोजित हुआ। अतिथियों द्वारा सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर, माला पहनाकर उनका स्कूल में आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया और पाठ्यपुस्तिकाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।
🚲 विद्यार्थियों को बांटी गईं निःशुल्क साइकिलें और किताबें
जिला शिक्षा अधिकारी पी.एस. सोलंकी ने बताया कि ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के प्रथम दिवस आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल का वितरण भी जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, समाजसेवी धर्मेंद्र बजाज और सुनील जैन द्वारा किया गया। इसके साथ ही निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें भी उन्हें उपलब्ध कराई गईं।
📺 सीएम डॉ. मोहन यादव का सीधा प्रसारण, 4 अप्रैल तक चलेंगे आयोजन
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भोपाल से दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया गया। 1 से 4 अप्रैल तक यह अभियान स्कूलों में जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न प्रेरणादायी आयोजन होंगे। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज और सुनील जैन ने भी विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीमती संगीता सोनवणे, श्रीमती कविता वर्मा, श्रीमती रुबिया अली, श्रीमती ज्योत्सना सोनी, बी.एल. वास्कले और राजेश भंगाले भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन संदीप जोशी ने किया व अंत में आभार एडीपीसी (रमसा) सुरभि शर्मा ने व्यक्त किया।


खंडवा


























