खण्डवा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कल मंगलवार (24 फरवरी) को भोपाल आएंगे। कांग्रेस द्वारा अमेरिका से हुई ट्रेड डील के विरोध में भोपाल में एक विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस अपने राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत करने जा रही है।
जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि अमेरिका से हुई ट्रेड डील के विरोध में आयोजित इस किसान सम्मेलन में प्रदेशभर से लाखों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कल भोपाल में एकत्रित होंगे।
सोयाबीन, कपास और मक्का उत्पादक किसानों के लिए संघर्ष…
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि अमेरिका के साथ हुए इस समझौते से सोयाबीन, कपास और मक्का उत्पादक किसान सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी घेरेगी। श्री सिंह ने बताया कि इस बड़े आंदोलन की शुरुआत मध्य प्रदेश की धरती से की जा रही है, ताकि किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।
खंडवा से कल सुबह 7 बजे निकलेगा 100 गाड़ियों का काफिला…
कल मंगलवार को होने वाले इस बड़े प्रदर्शन में अपनी सहभागिता दर्ज कराने के लिए खंडवा जिले में व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। श्री सिंह ने बताया कि खंडवा जिले से कल मंगलवार प्रातः 7 बजे के लगभग 100 गाड़ियों के काफिले के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस जन भोपाल के लिए कूच करेंगे। कार्यकर्ता वहां पहुंचकर किसान सम्मेलन और विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।



खंडवा









शेयर करें














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































