खंडवा | युवा एवं शैक्षणिक समाचार
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय और क्षेत्रीय निदेशालय भोपाल के दिशा-निर्देशानुसार, वर्ष 2025-26 के लिए जिला स्तरीय एक दिवसीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (SN College) खंडवा में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई और नेहरू युवा केंद्र के सौजन्य से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। भारतीय ज्ञान परंपरा का निर्वाह करते हुए पधारे हुए समस्त अतिथियों एवं निर्णायकों को स्मृति चिह्न के रूप में ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ भेंट की गई।
✨ ‘आपातकाल के 50 वर्ष’ विषय पर युवाओं का मंथन
संस्था प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने बताया कि युवा संसद का मुख्य विषय “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए एक सबक” था। इस विषय पर जिले भर से चयनित मेधावी विद्यार्थियों ने अपने मौलिक और निर्भीक विचार प्रस्तुत किए। यहाँ के विजेता प्रतिभागी अब राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
📱 डिजिटल पंजीयन और सीधा प्रसारण
विकसित भारत युवा संसद की संयोजक डॉ. मीना राठौर ने बताया कि सर्वप्रथम ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं ने इस इवेंट में अपना नामांकन कराया। कॉलेज स्तर पर चयन के बाद वे जिला स्तर तक पहुँचे। इस गरिमामयी आयोजन का सीधा प्रसारण (Live Stream) संस्था के राष्ट्रीय सेवा योजना के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी किया गया।
⚖️ निर्णायक मंडल और सहभागिता
सह-संयोजक प्रो. महेश भाबोर ने बताया कि युवा संसद में संजय भट्ट, शरद जैन, मनोज निरवारिया, डॉ. मनीषा सिंह और करनसिंह भूरिया ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इन कॉलेजों के 209 छात्र हुए शामिल: इस प्रतियोगिता में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस खंडवा, शासकीय कन्या महाविद्यालय, शासकीय नवीन आदर्श महाविद्यालय, शासकीय महाविद्यालय पंधाना, शासकीय महाविद्यालय हरसूद, डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज और दादाजी इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों सहित नेहरू युवा केंद्र के कुल 209 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
🎓 अध्यक्षीय उद्बोधन और पुरस्कार वितरण
प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “युवाओं को अपने मौलिक चिंतन से निकले विचारों को निर्भीक तरीके से समाज के सामने रखना चाहिए।” कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. विपिन जैन ने किया और आभार डॉ. मीना राठौर ने व्यक्त किया। अंत में सभी सहभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।



खंडवा





















