बिलासपुर। अपोलो अस्पताल के सामने अधिवक्ता पर जानलेवा हमले की शिकायत के बाद भी पुलिस ने मामूली धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया। वहीं, थाने में मौजूद कर्मचारी पीड़ित को ही डराने लगे। अधिवक्ताओं ने इसकी शिकायत एसपी दीपक झा करते हुए जांच की मांग की है। अधिवक्ता गणेश राम साहू ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना 31 जुलाई की रात की है। वे अपोलो अस्पताल की पार्किंग में रखे अपने वाहन से कुछ दस्तावेज लेकर आ रहे थे। इस दौरान पुन्नू केंवट और उसके साथियों गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई थी।
इससे वे बेहोश हो गए। होश में आने पर उन्होंने अपने भाई को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे सरकंडा थाने में शिकायत करने गए। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी शिकायत दर्ज करने आनाकानी करने लगे। बाद में उनकी शिकायत पर मामूली धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया। देर रात पुलिसकर्मी उन्हें लेकर अस्पताल गए। अस्पताल में डाक्टरों ने उनकी स्थिति देखते हुए भर्ती कर लिया। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रधान आरक्षक नरेंद्र डिक्सेना और आरोपित उन पर शिकायत वापस लेने दबाव बना रहे हैं। अधिवक्ताओं ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी कर चुके हैं विवाद
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपित आदतन बदमाश है। वे आए दिन मोहल्ले में हंगामा करते रहते हैं। इसके कारण वे उनकी हरकतों को नजर अंदाज करते थे। इसके कारण आरोपित का हौसला बढ़ा हुआ है। वहीं, पुलिस भी उनका पक्ष ले रही है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


देश



























