रायपुर: सात महीने बाद रायपुर नगर निगम की शुक्रवार को हुई सामान्य सभा में बैठक व्यवस्था दो निर्दलीय पार्षदों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गई। जनता के मुद्दे को लेकर सदन में आए निर्दलीय पार्षद द्वय अमर बंसल और गोपेश कुमार साहू ने सदन में पीछे की तरफ बैठने की व्यवस्था करने पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए सभापति के डायस के सामने जमीन पर बैठककर धरना दे दिया। सभापति और महापौर ने इसका विरोध किया तो विपक्ष और निर्दलीय पार्षद काफी देर तक हंगामा करते रहे। हालांकि, सामान्य सभा की कार्रवाई चलती रही।
नगर निगम की सदन की कार्रवाई शुरु होने के कुछ देर बाद ही निर्दलीय पार्षद अमर बंसल एवं गोपेश कुमार साहू ने पीछे की तरफ बैठने की व्यवस्था करने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि आखिर यह व्यवस्था कैसे बदल दी गई? दरअसल, पूर्व की सामान्य सभा में जहां बंसल एवं साहू बैठे थे, वह स्थान इस बार नव नियुक्त एल्डरमेन अफरोज अंजुम एवं इंद्रजीत गहलोत के लिए रखा गया।
निर्दलीय पार्षदों की आपत्ति पर सभापति प्रमोद दुबे ने कहा कि यह सदन की व्यवस्था है। सदन की मर्यादा के अनुरुप आचरण करिए। वाबजूद दोनों निर्दलीय पार्षद नहीं माने और विरोध दर्ज कराते हुए सभापति के डायस के सामने जमीन पर धरने पर बैठ रहे। नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने बैठक व्यवस्था पर आपत्ति उठाते हुए कहा कि दोनों पार्षद नीचे बैठे रहे, तो हम सभी विरोध दर्ज कराने से नहीं चूकेंगे।
पार्षदों की बैठने की व्यवस्था का समाधान निकाला जाना चाहिए। भाजपा पार्षद मृत्युंजय दुबे ने कहा कि संविधान में किसके कहां बैठने की व्यवस्था है, पटल पर रखे दें। निर्वाचित पार्षदों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। काफी सारे पार्षद उनसे पहले चुनाव जीतकर निगम में आए हैं। बैठक व्यवस्था का एक नियम होता है, उसी हिसाब से सब तय है। भाजपा पार्षद सूर्यकांत राठौर ने कहा कि दोनों पार्षद जनता के बीच से चुनकर आए हैं। व्यवस्था तो देनी ही होगी। मेयर इन कौंसिल के सदस्य ज्ञानेश शर्मा ने भी बैठक व्यवस्था की बात उठाई।
महापौर ने मनाने की कोशिश, सभापति के आश्वासन पर कुर्सी पर बैठे
महापौर एजाज़ ढेबर समेत अन्य एमआइसी सदस्यों ने सामने जाकर जमीन पर बैठे दोनों पार्षदों को समझाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इसी बीच सदन की कार्रवाई भी शुरु हो गई और दोनों पार्षद काफी देर तक जमीन पर ही बैठे रहे। अमर बंसल यह कहकर जमीन से नहीं उठे कि धरती मेरी मां है, मुझे जमीन पर बैठने में कोई दिक्कत नहीं।
सदन में निगम सचिव आरके डोंगरे पूर्व में हो चुकी सामान्य सभा का विवरण दे रहे थे, इधर दोनों पार्षदों का धरना जारी था। बाद में सभापति प्रमोद दुबे ने अगली सभा में बैठक व्यवस्था को लेकर नये सिरे से विचार करने का आश्वसन दिया तब अमर बंसल, गोपेश साहू अपनी पूर्व निर्धारित कुर्सी पर जाकर बैठे।
आपको यह खबर कैसी लगी?


देश

























