खंडवा | शिक्षा एवं स्थानीय समाचार
शहर के एपीजे अब्दुल कलाम शासकीय उर्दू स्कूल में नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई से जुड़े कई रोचक प्रश्न पूछे। कक्षा में उपस्थित छात्राओं ने भी बिना किसी झिझक के आयुक्त के प्रश्नों के आत्मविश्वासपूर्वक उत्तर दिए। इस निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्री कादरी एवं विद्यालय के प्राचार्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
🚲 दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को बांटी साइकिल
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त श्रीमती राजावत ने दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से स्कूल आने वाले बच्चों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कक्षा 6वीं में अध्ययनरत छात्र फैजल अमजद खान (जो प्रतिदिन बड़्यातुला से विद्यालय आते हैं) तथा कक्षा 9वीं की छात्रा अलशिफा जावेद (जो प्रतिदिन मुदवाड़ा से स्कूल आती हैं) को शासन द्वारा प्रदत्त निःशुल्क साइकिल वितरित की।
📚 ‘नियमित स्कूल आएं और मन लगाकर करें पढ़ाई’
साइकिल वितरण के पश्चात आयुक्त ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को साइकिल मिलने से उन्हें प्रतिदिन आवागमन में काफी सुविधा होगी। इससे समय और ऊर्जा की बचत होगी तथा वे बिना किसी परेशानी के नियमित रूप से विद्यालय आ सकेंगे। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को पूरे मन से पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























