नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में स्कूलों को खोलने के बारे में कहा है कि आदर्श स्थिति तो यही है कि टीकाकरण के बाद ही स्कूल खुलें। बाकी राज्यों के अंदर अगर स्कूल खुल रहे हैं और उनके अनुभव अच्छे रहे, तो हम भी विचार करेंगे। अभी थोड़े दिन उनको देखते हैं, क्योंकि दिल्ली में जो अभिभावक हैं, उनके अभी भी मेरे पास यही मैसेज आ रहे हैं कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर वे बहुत ज्यादा चिंतित हैं। वैक्सीन की कमी के बारे में सीएम ने कहा कि वैक्सीन है ही नहीं। केंद्र सरकार को इसके बारे में सोचना पड़ेगा कि वैक्सीन की उपलब्धता को कैसे बढ़ाया जाए?
सीएम तिमारपुर में भारत में आइएसओ से प्रमाणित विधायक कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। आइएसओ-9001 का यह प्रमाण पत्र, आम आदमी पार्टी के तिमारपुर विधानसभा से एमएलए दिलीप पांडेय के कार्यालय को मिला है। AAP संयोजक केजरीवाल ने कहा कि विधायक कार्यालय में सभी व्यवस्थाएं शानदार हैं। कार्यालय में आने वाली विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को सुनने के लिए अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि दिलीप पांडेय को सबसे बड़ा सर्टिफिकेट उसी दिन मिल गया था, जिस दिन जनता ने उन्हें जिताया था। उन्होंने कहा कि अगर यह व्यवस्था यहां सफल होती है, तो फिर पूरी दिल्ली में सभी विधायकों के कार्यालय में इसको लागू करेंगे। वहीं विधायक पांडेय ने कहा कि अर¨वद केजरीवाल से प्रेरित सेवा भाव की राजनीति का एक नवीन आयाम यह आइएसओ 9001:2015 प्रमाणापत्र है।
क्या है कार्यालय की खासियत
इस कार्यालय की खासियत यह है कि यहां पर आंतरिक सिस्टम ऐसा बनाया गया है कि कोई भी अपनी समस्या लेकर आएगा, तो उस समस्या के समाधान को लेकर प्रक्रिया क्या होगी? उस समस्या को कौन देखेगा और फिर वह क्या करेगा और समस्या का समाधान कैसे कराया जाएगा? यह सारी प्रक्रिया बनाई है और उसे उसे लागू किया है। आइएसओ के लोग यहां पर आए थे और इसका परीक्षण करके गए थे। इसके बाद विधायक कार्यालय को आइएसओ सर्टिफिकेट मिला है। अरविंद केजरीवाल का कहना है कि पूरे भारत में संभवत: यह पहला विधायक कार्यालय है, जिसको आइएसओ सर्टिफिकेट मिला है।
आपको यह खबर कैसी लगी?


देश

























