भिलाई। बीएसपी नगर सेवा विभाग के तोड़फोड़ दस्ते ने बुधवार को बेदखली अभियान चलाया। तीन आवास व चार दुकानों से अवैधकब्जाधारियों को बेदखल किया गया।
इस दौरान अवैध कब्जा कराने वाले कुछ लोगों के नाम भी सामने आए। बीएसपी नगर सेवाएं विभाग की टीम ऐसे लोगों के नाम की सूची कार्रवाई के लिए पुलिस व जिला प्रशासन को भेजने की तैयारी कर रहा है।
बीएसपी टाउनशिप में अवैध कब्जा के खिलाफ नगर सेवा विभाग के तोड़फोड़ दस्ता द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को सेक्टर 8 के सड़क नंबर 26 के आवास क्रमांक 2 सी को खाली कराया गया। इस आवास को पूछताछ कार्यालय के सुपुर्द किया गया। इसके बाद टीम द्वारा सेक्टर-7 के सड़क 26 आवास क्रमांक 5 ए को भी अवैध कब्जा से मुक्त कराया गया।
अवैधकब्जा कर वसूल रहे थे किराया
आवास क्रमांक-1 ई सड़क 57 सेक्टर-8 को अवैध कब्जाधारी से मुक्त कराकर रखरखाव कार्यालय के सुपुर्द किया गया। नगर सेवाएं विभाग ने बताया कि उक्त मकान को सेक्टर-7 निवासी जावेद नामक व्यक्ति द्वारा कवर्धा के बच्चों को किराए में देकर रकम वसूल किया जा रहा था।
जिसकी सूचना पुलिस में दी गई है। तोड़फोड़ दस्ते की ओर से कहा गया है कि अवैध कब्जेधारियो के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
चार दुकान भी कराए खाली
अभियान के दौरान सेक्टर-9 मार्केट में मटन दुकान क्रमांक- 27, 29 , 30 तथा 31 जिसकी डिग्री आदेश संपदा न्यायालय द्वारा पारित किया गया था बावजूद इसमें कब्जा था। इन दुकानों को भी खाली कराकर संपदा न्यायालय द्वारा सील किया गया। नगर सेवा विभाग के तोड़फोड़ दस्ते ने यह कार्रवाई की। विभाग की ओर से कहा गया कि अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी
-टाउनशिप में चला बेदखली अभियान
-बीएसपी के तोड़फोड़ दस्ते ने की कार्रवाई
यह खबर आपको कैसी लगी?



देश



























