रायपुर। रायपुर शहर के मुख्य मार्ग के अलावा गली-मोहल्लों की नालियों में बारिश का पानी भरा हुआ है। हल्की बारिश होने पर भी पानी का जमाव सड़क पर होने से लोगों का चलना दूभर हो गया है। वहीं, सड़क किनारे पानी भरे नाली में गिरकर लोग हादसे का शिकार हो रहे है। बरसात से पहले महापौर ने खुले नालियों मे ढक्कन लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन यह काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है
शहर के टिकरापारा, संतोषीनगर, कोतवाली, सदरबाजार, बैरनबाजार, राजेंद्रनगर, पुरानी बस्ती, गंज, फाफाडीह, रिंग रोड से लगे इलाके में अभी भी मुख्य सड़कों से लगी नालियां खुली हुई हैं। इन नालियों में ढक्कन नहीं लगे होने और बारिश का पानी भरे होने के कारण आए दिन लोग हादसे के शिकार हो रहे हैं। वहीं, निचली बस्तियों के घरों में नाली का गंदा पानी प्रवेश कर रहा है। सबसे अधिक परेशानी तेज बारिश होने पर लोगों को सड़क पर घुटने भर पानी से होकर आने-जाने को विवश होना पड़ता है।
बारिश से पहले करना था काम
नगर निगम के अफसरों ने बारिश से पहले खुले नालियों में ढक्कन लगाने का काम पूरा होने का दावा किया था, लेकिन शहर के 70 फीसद से अधिक क्षेत्रों में अभी तक ढक्कन नहीं लगने से बारिश का पानी नाली में भरने के बाद सड़क पर बह रहा है। यानी ढक्कन लगाने की योजना ठप पड़ गई है।
हो चुके हैं कई हादसे
बारिश होने पर नालियां भरने की वजह से सड़क पर बह रहे पानी और नाली में भरे पानी का स्तर बराबर होने के कारण वाहन चालकों, राहगीरों को पता ही चल पाता कि नाली कहां है, ऐसे में आए दिन लोग नाली में गिरकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। कुछ साल पहले बारिश के समय ही महिला जेल के पास सड़क किनारे नाले के खुले चेंबर में एक वाहन चालक के गिरकर बह जाने से मौत हो गई थी।
वहीं, पिछले दिनों संतोषीनगर की मुख्य सड़क पर में एक राहगीर बरसते पानी से बचने के लिए सड़क पार करने की कोशिश करते नाली में जा गिरा। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह से उसे निकालकर अस्पताल भेजा गया।
खोद दी सड़क, बढ़ गई परेशानी
न्यू राजेंद्रनगर इलाके के दीपक कॉलोनी में तो कई परिवार ऐसे हैं, जो बारिश के दौरान अपने घर में ही प्रवेश करने से भय खाते हैं। दरअसल, एक माह पहले यहां पर सड़क बनाने के लिए पुरानी संरचना तोड़कर गड्ढा कर दिया गया। बाद में जिम्मेदारों को ध्यान आया कि पहले नाली बनाना जरूरी है, नहीं तो बरसाती पानी लोगों के घरों में घुस जाएगा
तब खुदी हुई सड़क को छोड़कर दोनों सिरों पर नाली के लिए दो-दो फीट गहरे गड्ढे खोद डाले गए। गड्ढे भी ऐसे खोदे गए कि घर के दरवाजे के बाहर कदम रखने के दौरान थोड़ी सी चूक होने पर लोग सीधे तीन फीट गहरे गड्ढे में जा गिरेंगे। अब रहवासियों की शिकायत पर निगम अमला काम में जुट गया है।
वर्जन-
मुख्य सड़कों नालियों में ढक्कन लगाने का काम बड़ी योजना है, इसके लिए बजट चाहिए।शासन से बजट की मांग की गई है,राशि मिलने पर काम ढक्कन लगाने का काम कराया जाएगा।
– पुलक भट्टाचार्य, अपर आयुक्त
आपको यह खबर कैसी लगी?


देश

























