नई दिल्ली। सीबीआइ ने इंडियन बैंक में चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट (सीपीटी) की 100 करोड़ रुपये से अधिक की सावधि जमा मामले में कथित धोखाधड़ी के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने 31 जुलाई, 2020 को बैंक अधिकारियों समेत अन्य के खिलाफ आरोपों की जांच शुरू की थी। उन पर आरोप थे कि उन्होंने बैंक में जमा 100.57 करोड़ रुपये की सीपीटी की सावधि जमा को साजिश के तहत बंद कर दिया और राशि को विभिन्न खातों में अंतरित कर दिया।सीबीआइ के प्रवक्ता आरसी जोशी ने मंगलवार को कहा, ‘आरोप यह भी था कि कई सावधि जमा खातों को समय से पहले बंद करने से इंडियन बैंक को 45.40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।’ एक साल से अधिक समय की गहन जांच के बाद सीबीआइ ने मामले में सोमवार की रात नौ लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान गणेश नटराजन, वी. मणिमोझी, जे. सेल्वाकुमार, के. जाकिर हुसैन, एम विजय हेराल्ड, एम राजेश सिंह, एस. सियाद, एस. अफसार और वी. सुदालाईमुथु के रूप में हुई।
‘दूध दुरंतो’ के जरिये आंध्र प्रदेश से 10 करोड़ लीटर दूध पहुंचा दिल्ली
‘दूध दुरंतो’ विशेष ट्रेनों के जरिये आंध्र प्रदेश के रेनीगुंटा से राष्ट्रीय राजधानी के लिए दूध की आपूíत 10 करोड़ लीटर के आंकड़े को पार कर गई है। 26 मार्च, 2020 को शुरुआत के बाद से इन विशेष ट्रेनों का संचालन दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा निर्बाध रूप से किया जा रहा है। अब तक 443 फेरों के माध्यम से दूध के 2,502 टैंकरों का परिवहन किया गया है। रेल मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 से पहले नई दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में दूध की जरूरतों को पूरा करने के लिए साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेनों में दूध के टैंकर जोड़े जा रहे थे। जब देशभर में लाकडाउन लागू किया गया था, तब दक्षिण मध्य रेलवे ने ‘दूध दुरंतो’ विशेष ट्रेनों के संचालन की अनूठी पहल की। मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के अनुरूप रेनीगुंटा से हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के बीच की 2,300 किलोमीटर की दूरी ये विशेष ट्रेनें 30 घंटे में तय कर रही हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


देश



























