बिलासपुर। हिर्री क्षेत्र में 24 वर्षीय विवाहिता से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित युवक पीड़ित महिला का नंदोई है। घटना की जानकारी महिला ने अपने पति को दी। इसके बाद महिला ने अपने मायके पहुंचकर पुलिस थाने में इसकी शिकायत की है। इस पर हिर्री पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
हिर्री क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय महिला की शादी नौ साल पहले हुई थी। महिला के दो बच्चे हैं। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका नंदोई आए दिन उनके घर आता है। सितंबर 2020 में महिला का नंदोई उनके घर आया था। इस दौरान उनका पति काम पर गया था। वही दोनों बच्चे बाहर खेल रहे थे। महिला को अकेले देख कर नंदोई ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद उसने महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए घटना की जानकारी किसी को देने से मना किया। पति के वापस लौटने पर महिला ने इसकी जानकारी उन्हें दी। इस पर पति ने लोक लाज के भय से उसे चुप रहने के लिए कहा। बीते 18 अक्टूबर को महिला का नंदोई उनके घर आया था। इस दौरान भी उसने अपनी सलहज से दुष्कर्म किया।
इसकी जानकारी ससुराल वालों को देने पर उन्होंने महिला को चुप रहने को कहा। महिला किसी तरह भागकर अपने मायके पहुंच गई। यहां उसने घटना की जानकारी मां और पिता को दी। इसके बाद मायके वालों के साथ हिर्री थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की है। मामले में पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर आपको कैसी लगी?



देश



























