खंडवा। बॉम्बे-टू-गोवा की समुद्री यात्रा तो रुपहले पर्दे पर खूब प्रसिद्ध हुई, लेकिन अब गुजरात के ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ से ओंकारेश्वर के आदि शंकराचार्य की प्रतिमा यानी ‘अद्वैतधाम’ तक नर्मदा जी में क्रूज चलाने की तैयारी की जा रही है। 130 किलोमीटर तक मीठे पानी वाली मां नर्मदा में यात्री हिलोरों पर यात्रा का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए गुजरात और मध्य प्रदेश सरकार के बीच एक बड़ा एमओयू (MoU) भी साइन हो चुका है।
खंडवा जिले के प्रभारी और मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने इसका खुलासा किया है। श्री लोधी ने बताया कि इस क्रूज यात्रा के दौरान यात्रियों को मार्ग में आने वाले प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर भी कराई जाएगी। यह जहाज ओंकारेश्वर से गुजरात के केवड़िया (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) तक चलाया जाएगा। यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर, महेश्वर, मांडू और सरदार सरोवर जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर क्रूज रोककर यात्रियों को भ्रमण कराया जाएगा।
🔔 यह भी पढ़ें...
तैयार हो रहा है जेटी टर्मिनल इसके लिए धार जिले के कुक्षी (मेघनाद) के पास एक ‘फ्लोटिंग क्रूज अड्डा’ बनाया जा रहा है, जिसे तकनीकी भाषा में जेटी टर्मिनल कहते हैं। इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। नर्मदा नदी के किनारे अभी तक केवल पैदल परिक्रमा होती थी, लेकिन अब 130 किलोमीटर तक मां नर्मदा की गोद में बैठकर लोग इन दो महान प्रतिमाओं के बीच जल यात्रा कर सकेंगे।
दो महापुरुषों की प्रतिमाओं की डोर बनेगा क्रूज पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार और गुजरात सरकार ने पर्यटन के क्षेत्र में यह क्रांतिकारी कदम उठाया है। ‘स्टैच्यू ऑफ वननेस’ (एकात्मता की प्रतिमा) खंडवा के ओंकारेश्वर में नर्मदा किनारे मान्धाता पर्वत पर स्थित आदि गुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा है, जो एकता का प्रतीक है। वहीं, ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ गुजरात में नर्मदा के साधु-बेट द्वीप पर स्थित सरदार पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा है। यह जल मार्ग धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से एक सर्वश्रेष्ठ सौगात साबित होगा।



खंडवा









शेयर करें














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































