धमतरी: आईपीएल सट्टे के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. कुरूद क्षेत्र में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी BLISSEXCH ऐप के जरिए अवैध सट्टा संचालित कर रहे थे.
पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. इसी के तहत थाना कुरूद पुलिस लगातार निगरानी और अभियान चला रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीएसएनएल ऑफिस कुरूद के पास दो व्यक्ति मोबाइल ऐप के जरिए आईपीएल सट्टा चला रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया. कार्रवाई के दौरान आरोपी मोबाइल में BLISSEXCH एप के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाते पाए गए. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन और 1 आईफोन बरामद किया है जिसकी कीमत करीब 85 हजार रुपए है. वहीं 20,500 रुपये कैश, एक सफेद कार जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये है, जब्त की गई है. इस तरह कुल जब्त संपत्ति 5,05,500 रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी जीवन यादव (40 वर्ष), पुराना बस स्टैंड, कुरूद और कौशल साहू (31 वर्ष) निवासी कारगिल चौक, कुरूद को गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरूद में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे इनके आदतन अपराधी होने की पुष्टि होती है. आरोपियों के विरुद्ध धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं 112, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.मोबाइल एप से चल रहा था सट्टा
5 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त
पहले भी कई आपराधिक केस दर्ज
यह खबर आपको कैसी लगी?


छत्तीसगढ़


























