सूरजपुर : सूरजपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक युवक की मौत हुई. मौत के बाद गांव वालों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. ये पूरी घटना अंबिकापुर प्रतापपुर स्टेट हाईवे में हुई. हाईवे पर स्थित कल्याणपुर चौक पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए और शव रखकर चक्काजाम किया.
प्रदर्शन के दौरान यातायात रहा बाधित
ग्रामीणों ने मृतक युवक के शव को सड़क पर रखकर विरोध जताया, स्टेट हाईवे जाम होने पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. बताया जा रहा है कि युवक बुधवार शाम अपने काम से लौट रहा था, तभी रास्ते में जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया. हाथी ने युवक को पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हाथी के हमले से य़ुवक का शव बुरी तरह से क्षत विक्षत हो गया.
मृतक के परिजन को मुआवजा और नौकरी देने की मांग
घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण क्षेत्र में लगातार हाथियों का आतंक बढ़ रहा है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा. वहीं दूसरी ओर मौके पर पुलिस प्रशासन, वन विभाग और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया.
यह खबर आपको कैसी लगी?


छत्तीसगढ़


























