बेंगलुरु में खेला आखिरी T20 बारिश की भेंट चढ़ गया. इसी के साथ भारत और वेस्टइंडीज के बीच T20 सीरीज भी ड्रॉ हो गई. 5 मैचों की सीरीज 2-2 की बराबरी पर थी, जिसका फैसला बेंगलुरु मैच के नतीजे से होना था. लेकिन, वहां हुई बारिश ने ना सिर्फ मैच का मजा किरकिरा किया बल्कि दोनों टीमों को ट्रॉफी शेयर करने पर भी मजबूर किया. अब सवाल है कि क्या बेंगलुरु की बारिश ही सीरीज ड्रॉ होने की वजह बनी? भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के मुताबिक सीरीज के ड्रॉ होने की वजह बारिश नहीं बल्कि कुछ और ही है.
🏏 श्रेयस अय्यर का बयान— ‘अगर दूसरे और चौथे टी20 में न होती ये गलती, तो परिणाम होता कुछ और’
बेंगलुरु में T20 मुकाबला रद्द होने के बाद श्रेयस अय्यर की बातों को सुनकर लगा जैसे वह सीरीज के ड्रॉ होने से खुश नहीं हैं. उनके मुताबिक सीरीज का नतीजा और बेहतर हो सकता था और यह सीरीज टीम इंडिया की हो सकती थी, अगर वह गलतियां ना हुई होतीं जो दूसरे और चौथे T20I में देखने को मिली थीं.
टीम इंडिया यह दोनों T20 मुकाबले हारी थी और उसकी मुख्य वजह उसकी गेंदबाजी रही थी, जिस ओर बेंगलुरु T20 रद्द होने के बाद श्रेयस अय्यर ने इशारा किया. अय्यर ने कहा कि अगर हम दूसरे और चौथे T20I में अच्छी गेंदबाजी करते तो फिर सीरीज का नतीजा हमारे पक्ष में हो सकता था. मतलब साफ है कि 5 मैचों की T20 सीरीज के ड्रॉ होने की वजह अय्यर के मुताबिक बेंगलुरु की कम, बल्कि दूसरे और चौथे T20 में हुई बेअसर गेंदबाजी ज्यादा थी.
⚡ 9-9 ओवर के मैच की उम्मीदों पर भी पानी फेर गया बारिश का खलल
बेंगलुरु T20 में एक वक्त बारिश के रुकने के बाद 9-9 ओवर के मैच का फैसला हुआ था. रात 9 बजे टॉस हुआ, जिसे वेस्टइंडीज ने जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया. भारत की पारी अभी चल ही रही थी कि बारिश ने एक बार फिर से दस्तक दे दी और फिर जो खेल रुका, वह दोबारा शुरू ही नहीं हो सका. मैच रुकने तक भारतीय टीम ने 7.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 118 रन बना लिए थे.
यह खबर आपको कैसी लगी?


खेल




























