खंडवा। पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण जोन इंदौर) एवं उप पुलिस महानिरीक्षक (खरगोन रेंज) के मार्गदर्शन में खंडवा पुलिस ने पुनासा की सनसनीखेज डकैती का सफल खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के निर्देशन और एएसपी राजेश रघुवंशी व एसडीओपी मनोहर सिंह गवली के सतत पर्यवेक्षण में थाना नर्मदानगर पुलिस ने झाबुआ की कुख्यात गैंग को दबोचने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण: बीती 9 जनवरी 2026 की शाम पुनासा स्थित कृष्णा ज्वेलर्स में 6-7 अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के बल पर सोने-चांदी के जेवरों से भरे दो बैग लूट लिए थे। घटना के दौरान आरोपियों ने मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए फायर भी किया था। पुलिस ने थाना नर्मदानगर में अपराध क्रमांक 07/26 धारा 310(2) BNS एवं 397 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
स्केच और ‘लंगड़ाहट’ ने दिया अहम सुराग: मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज कुमार राय ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों और चश्मदीदों के बताए हुलिये के आधार पर आरोपियों के स्केच तैयार किए। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी, जिसने फायर किया था, उसके चलने में लचक (लंगड़ाहट) थी और उसकी आयु लगभग 40-45 वर्ष थी। इसी विशिष्ट पहचान को आधार बनाकर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
12 गिरोहों की जांच और झाबुआ गैंग का सुराग: पुलिस ने समान ‘मोडस आपेरेंडी’ (काम करने के तरीके) वाले 12 संगठित गिरोहों को चिन्हित किया, जिनमें जबलपुर और मंडला के सक्रिय गिरोह भी शामिल थे। सूक्ष्म विवेचना के बाद तथ्य सामने आया कि झाबुआ की ‘सकरिया रतन गैंग’ घटना के समय अपने क्षेत्र से गायब थी।
घेराबंदी और गिरफ्तारी: झाबुआ में तैनात पुलिस की तीन विशेष टीमों ने गुप्त रूप से फील्ड वर्क किया। जैसे ही आरोपी अपने निवास स्थान से बाहर निकले, पुलिस ने घेराबंदी कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:
सकरिया पिता झीतरा वसुनिया (46 वर्ष, निवासी काछला, झाबुआ)
रतन पिता नाहरू उर्फ नारू (45 वर्ष, निवासी भोयरा, झाबुआ)
विनोद पिता धन्ना उर्फ धनसिंग डामोर (34 वर्ष, निवासी कुशलपुरा, झाबुआ)
बरामदगी और इनाम: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 ग्राम सोने के आभूषण, एक 12 बोर देशी पिस्टल, 1 लाख रुपये नकद और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कुल मशरूका की कीमत लगभग 71.5 लाख रुपये आंकी गई है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक ने नर्मदानगर टीम को इस बड़ी सफलता के लिए नकद इनाम देने की घोषणा की है।
आपको यह खबर कैसी लगी?


खंडवा


























