डबवाली : हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने डबवाली-गोरीवाला रूट पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों के साथ बदसलूकी की। बस कंडक्टर ने छात्रों के पास बस पास होने के बावजूद टिकट के पैसे मांगे। इतना ही नहीं कुछ छात्रों को तो बस से नीचे उतार दिया और कहा, जो करना है कर लो, टिकट लेकर कहीं शिकायत दे देना। इस सारी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बता दें कि वायरल वीडियो के अनुसार जब छात्रों ने टिकट लेने से मना किया और अपना बस पास दिखाया, तो कंडक्टर ने ड्राइवर को बस रोकने के लिए कह दिया। बस को बीच सड़करोक दिया गया। कंडक्टर ने छात्रों से कहा कि पैसे देकर टिकट ले लो, फिर कहीं भी जाकर शिकायत दे देना। छात्रों का तर्क था कि जब उनके पास वैध बस पास है, तो वे दोबारा किराया क्यों दें।
गौरतलब है कि डबवाली-ऐलनाबाद और डबवाली-गोरीवाला रूट पर यह कोई पहला मामला नहीं है। बुधवार को भी इसी तरह का एक वीडियो सामने आया था। सरकारी नियमों के अनुसार छात्रों के पास प्राइवेट बसों में भी मान्य होने चाहिए, लेकिन जमीनी हकीकत में ऑपरेटर नियमों को ताक पर रखकर वसूली कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की निंदा की है और कहा है कि इस तरह की घटनाएं आम जनता की सुरक्षा और अधिकारों पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
यह खबर आपको कैसी लगी?


हरियाणा




























