जमशेदपुर: जिले के टाटानगर रेलवे स्टेशन के यार्ड में मंगलवार रात को एक जानवर देखा गया, जिसे लोगों ने तेंदुआ समझ लिया और इससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया. ड्यूटी पर मौजूद एक रेलवे कर्मचारी ने इसका वीडियो बना लिया. हालांकि जानवर के काफी दूर होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि जानवर कौन सा है, लेकिन लोगों के बीच अफवाह फैल गई कि रेलवे स्टेशन के यार्ड में तेंदुआ घूम रहा है.
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद टाटानगर रेलवे के अधिकारी अलर्ट हो गए और क्षेत्र में तेंदुआ की जानकारी जिला वन पदाधिकारी को दी गई. मामले में टाटानगर रेल के एआरएम समीर सौरभ ने बताया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन यार्ड से कुछ दूरी पर एक जानवर को घूमते देखा. इस दौरान उसका वीडियो बनाया गया है, जिसमें तेंदुआ जैसा लग रहा था. हालांकि इस बात की जानकारी जिला वन पदाधिकारी को दे दी गई है.
एआरएम ने कहा कि वन विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर छानबीन की है, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला है. एआरएम ने बताया कि ड्यूटी के दौरान दो रेल कर्मियों को एक साथ रहने का आदेश दिया गया है. साथ ही उन्हें अपने पास टॉर्च और छड़ी रखने को कहा गया है. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अफवाह पर न जाए. प्रशासन और वन विभाग अलर्ट है. वहीं, वन पदाधिकारी ने बताया कि वीडियो में जिस तरह का जानवर दिख रहा है, वो जंगली बिल्ली के जैसा है. हालांकि क्षेत्र में निगरानी की जा रही है. साथ ही लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है.यह खबर आपको कैसी लगी?


झारखण्ड




























