यह खबर आपको कैसी लगी?
रायपुर। छठ महापर्व को केवल दो दिन शेष हैं, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विविध मुहल्लों के तालाबों में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। एक ओर जहां महादेवघाट के किनारे बनारस और प्रयागराज की गीत-संगीत मंडली की भव्य प्रस्तुति की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है, वहीं पर्व के दो दिन पहले जिला प्रशासन ने गाइडलाइन जारी करके छठ पर्व पर आयोजन करवाने वाली समितियों को करारा झटका दिया
प्रशासन ने आयोजन स्थल पर किसी भी तरह की सभा, जुलूस, रैली न करने और बाजार, मेला दुकान नहीं लगाने का आदेश दिया है। नदी, तालाब के किनारे भीड़ एकत्रित होती है तो इसकी जिम्मेदारी समिति की होगी।
इन नियमों का करना होगा पालन
– केवल पूजा करने वाले शामिल होंगे
– भीड़ न हो, इसकी जिम्मेदारी समिति की होगी
– जुलूस, सभा, रैली नहीं
– पूजा स्थल पर पान, गुटखा, थूकने पर प्रतिबंध
– सुबह छह से आठ बजे तक हरित पटाखा फोड़ सकेंगे
– बाजार, मेला, दुकान नहीं
– छोटे बच्चों, बुजुर्गों को जाने की अनुमति नहीं
– पूजा में शामिल होने वालों का टीकाकरण अनिवार्य
– नदी, तालाब के गहरे पानी में नहीं जा पाएंगे
– ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग न्यायालय आदेश के अनुसार
– मास्क, सैनिटाइजर, शारीरिक दूरी का पालन जरूरी
धार्मिक प्रसंगों पर नृत्य झांक
महादेवघाट के किनारे भोजपुरी गायक और सुर संग्राम विजेता वीरेंद्र भारती, लोक गायिका सुनीता पाठक और छत्तीसगढ़ के गायक दिलीप षड़ंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। प्रयागराज उत्तर प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्य नाटिका कलाकार सोनाली तरुण चोपड़ा द्वारा धार्मिक प्रसंगों पर झांकी की प्रस्तुति दी जाएगी।
नियमों का करेंगे पालन
महादेवघाट आयोजन समिति के संयोजक सुनील सिंह संचालक समिति के सदस्य रविंद्र सिंह, परमा सिंह, रामकुमार सिंह, संजय सिंह, मनोज सिंह, रविंद्र शर्मा, एमएन पांडेय, जयंत सिंह, संतोष सिंह अवधिया, सरोज सिंह, अखिलेश सिंह का कहना है कि प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। छठ पर्व आस्था का प्रतीक है, देश भर में आयोजन हो रहा है, नियमों के तहत ही आयोजन किया जाएगा।


देश



























