करनाल : हरियाणा के करनाल के क्लब मार्केट के पास अचानक लगी आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के पास पड़े कूड़े में उठी लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़े वाहनों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया.
कूड़े से उठी चिंगारी बनी तबाही की वजह : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के पास सूखे पत्तों और लकड़ियों का ढेर पड़ा हुआ था. इसी कूड़े में लगाई गई आग तेजी से फैलती चली गई और पास खड़ी गाड़ियों तक पहुंच गई. पार्किंग में दोनों ओर वाहन खड़े होने के कारण आग ने फैलने में ज्यादा समय नहीं लिया.
तीन गाड़ियां जलकर खाक, एक को बचाया गया : स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वहां चार गाड़ियां खड़ी थीं. आग इतनी भीषण थी कि तीन गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि एक गाड़ी को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया. तेज लपटों और धुएं ने आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना दिया.
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा : घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. यदि समय रहते कार्रवाई न होती तो आसपास खड़ी अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आ सकती थीं. खास बात ये रही कि पास में मौजूद बिजली का ट्रांसफार्मर भी सुरक्षित बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. पुलिस जांच में जुटी, कारणों की तलाश जारी : मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि आग में दो गाड़ियां बुरी तरह जल गईं, जबकि एक अन्य को आंशिक नुकसान हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.यह खबर आपको कैसी लगी?


हरियाणा






















