मुंबई (अनिल बेदाग): देशभक्ति, साहस, संघर्ष और महिला सशक्तिकरण की भावना से ओतप्रोत फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ का दमदार एंथम रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म का यह जोशीला गीत महिला पुलिस बल के साहस, समर्पण और खाकी के सम्मान को बेहद प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करता है।
👮♀️ ‘रियल लाइफ’ IPS अधिकारी सिमाला प्रसाद निभा रही हैं लीड रोल
खास बात यह है कि फिल्म में मुख्य भूमिका रियल लाइफ आईपीएस (IPS) अधिकारी सिमाला प्रसाद निभा रही हैं, जिनकी दमदार मौजूदगी इस एंथम को और भी वास्तविक और प्रेरणादायक बना देती है। गीत की शुरुआत वीर रस से भरी पंक्तियों के साथ होती है, जो हर भारतीय के भीतर देशभक्ति और सम्मान की भावना जगाती हैं। एंथम में सिमाला प्रसाद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करती दिखाई देती हैं।
🎬 अंजलि पाटिल और जरीना वहाब ने छोड़ी गहरी छाप
वहीं, लापता लड़कियों के पोस्टर और लगातार छापेमारी के दृश्य फिल्म के गंभीर सामाजिक मुद्दे की ओर इशारा करते हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री अंजलि पाटिल पुलिस कांस्टेबल की भूमिका में गहरा प्रभाव छोड़ती हैं, जबकि जरीना वहाब और अश्विनी कालसेकर महिला संघर्ष और भावनात्मक दृश्यों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराती हैं।
🗓️ 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी ‘द नर्मदा स्टोरी’
निर्देशक जैगम इमाम ने इस एंथम को महिला शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को समर्पित बताया है। एबी इन्फोसॉफ्ट क्रिएशन और गोल्डन रेशियो के बैनर तले बनी यह फिल्म आगामी 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह खबर आपको कैसी लगी?


मनोरंजन































