मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बरघाट थाना अंतर्गत खूंट गांव के पास सोमवार रात को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान 32 वर्षीय रविंद्र पटले, निवासी पौनिया गांव (बरघाट) के रूप में हुई है। रविंद्र अपनी बाइक से जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक सरकारी बोलेरो पुलिस वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
📢 ग्रामीणों का प्रदर्शन और मुआवजे की मांग: 36वीं बटालियन के जवानों की गाड़ी से हुआ हादसा, पुलिस ने दी समझाइश
घटना की सूचना मिलते ही खूंट गांव और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने युवक की मौत पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए जोरदार हंगामा किया और मांग रखी कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सरकारी नौकरी दी जाए तथा दोषी कर्मियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई हो। हालात की गंभीरता को देखते हुए बरघाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।
🔍 शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा: पुलिस अधिकारियों ने शुरू की मामले की विस्तृत जांच
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव स्वजनों को सौंप दिया। बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश वेस ने बताया कि वाहन में 36वीं बटालियन के जवान सवार थे जो बालाघाट से सिवनी जा रहे थे। पुलिस ने शासकीय वाहन और संबंधित कर्मियों के खिलाफ मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के असली कारणों की गहराई से छानबीन की जा रही है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


मध्यप्रदेश

























