इंदौर। मध्य प्रदेश सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में एक सार्वजनिक मंच से एक बार फिर से विवादित टिप्पणी कर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाषण देते समय कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी ही पार्टी की एक महिला पार्षद की शारीरिक बनावट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। माइक से जनता को संबोधित करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने महिला पार्षद की तरफ इशारा करते हुए कहा, “इनकी चौड़ाई थोड़ा बढ़ गई है।” यह कहने के बाद विजयवर्गीय खुद हंसने लगे। इस दौरान मंच पर इंदौर के भाजपा सांसद शंकर लालवानी सहित कई बड़े दिग्गज नेता उपस्थित थे।
📜 मां शब्द पर भाषण देते-देते भूले मर्यादा: राहुल गांधी की सभा पर भी साधा निशाना
उल्लेखनीय है कि नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार 20 सितंबर को सांसद शंकर लालवानी के साथ वार्ड क्रमांक 6 में कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया था।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने एक दिन पहले कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई मिमिक्री पर राहुल गांधी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। विजयवर्गीय ने कहा, “कल सरेआम बच्चों के सामने एक मिमिक्री करने वाला आया और कांग्रेस के दिग्गज नेता वहां मुस्कुराते हुए बैठे रहे। वह मां के नाम की खिल्ली उड़ाकर चला गया। क्या यह क्षमा करने योग्य है? मां तो केवल मां होती है। मां शब्द भले छोटा है, लेकिन अर्थ बहुत विशाल है। आप विकास नहीं कर सकते मत करो, देशसेवा नहीं कर सकते मत करो, लेकिन किसी की मां का अपमान करने का क्या औचित्य है?”
🛑 मां की महिमा बताने के तुरंत बाद की टिप्पणी: कांग्रेस ने घेरा, कहा— ‘यह भाजपाइयों की मानसिकता’
हालांकि, मां की महिमा पर लंबा-चौड़ा प्रवचन देने के तुरंत बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से एक महिला पार्षद का नाम लेकर उन्हें आगे बुलाया।
जब महिला पार्षद मंच पर सामने आईं, तो मंत्री विजयवर्गीय ने हंसते हुए माइक पर कह दिया, “इनकी चौड़ाई थोड़ा बढ़ गई है।” वास्तव में, महिला पार्षद के ठीक पीछे मंत्री का एक कार्यकर्ता खड़ा था, जिसके कारण वे स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही थीं, और इसी को लेकर मंत्री ने यह शारीरिक बनावट से जुड़ी टिप्पणी की। इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के मीडिया कोऑर्डिनेटर नीलाभ शुक्ला ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया है और यह उनकी सोच को दर्शाता है।
⚠️ कैलाश विजयवर्गीय के पहले भी आ चुके हैं विवादित बयान: ‘शूर्पणखा’ और कपड़ों पर दी थी प्रतिक्रिया
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब कैलाश विजयवर्गीय महिलाओं से जुड़ी अपनी टिप्पणियों के कारण विवादों में घिरे हैं।
वर्ष 2023 में इंदौर में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लड़कियों के पहनावे पर टिप्पणी करते हुए कहा था, “लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि उनमें देवी का रूप नहीं दिखता, बल्कि वे शूर्पणखा जैसी दिखाई देती हैं।” इस बयान का महिला संगठनों ने कड़ा विरोध किया था। इसके अलावा जून 2025 में भी उन्होंने रिवीलिंग कपड़ों पर बयान देते हुए कहा था कि वे ऐसी लड़कियों के साथ फोटो नहीं खिंचवाते। वहीं, इंदौर के भागीरथपुरा दूषित जल हादसे के दौरान भी उनका ‘घंटा’ वाला बयान काफी सुर्खियों में रहा था।
यह खबर आपको कैसी लगी?


मध्यप्रदेश


















