लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान के बाद सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी कमर कसती हुई नजर आ रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने आज पहली बार भाजपा कार्यालय में चुनाव समिति की बैठक की। बैठक में पहले चरण के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा होने के साथ ही कोविड काल में चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया गया। उम्मीद है कि अब जल्द से जल्द भाजपा प्रत्याशियों के नाम सामने आ जाएंगे। वहीं, यूपी चुनाव में प्रत्याशियों को लेकर एक बैठक 11 जनवरी को दिल्ली में होगी।
बता दें कि इस बैठक में पहले चरण के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई। संभावित नामों को केंद्रीय समिति को भेजा जा सकता है, जिसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति पहले फेज के प्रत्याशियों के नाम पर मुहर भी लगा सकती है। वहीं, यूपी विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा जो 10 फरवरी से शुरू होगा और सात मार्च को वोटिंग खत्म होगी। पहले फेज का चरण 11 जिलों की 58 विधानसभा क्षेत्रों में होगा। बैठक में मुख्यममंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ ही संजीव बालियान, राजवीर सिंह, विनोद सोनकर, ब्रजेश पाठक, बेबी रानी मौर्य, अरुण सिंह, रमापति राम त्रिपाठी, वाई सत्य कुमार, सुनील ओज, संजीव चौरसिया प्रमुख रूप से शामिल हुए।
यह खबर आपको कैसी लगी?


देश



























