मुंबई (अनिल बेदाग): निर्माता अश्विन वार्दे ने दिग्गज अभिनेता परेश रावल (Paresh Rawal) द्वारा हाल ही में सुपरहिट फिल्म ‘ओएमजी 2’ (OMG 2) को लेकर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। वार्दे ने परेश रावल के दावों को “चौंकाने वाले, असत्य और बेबुनियाद” बताया है। एक विस्तृत बयान जारी करते हुए वार्दे ने कहा कि निर्देशक अमित राय ने शुरुआत में परेश रावल के साथ चर्चा के बाद ही फिल्म की कहानी विकसित की थी। उनका दावा है कि परेश रावल यह मान बैठे थे कि OMG फ्रेंचाइजी की बौद्धिक संपदा (Intellectual Property Rights) उनके पास है, जबकि इसके वास्तविक अधिकार अक्षय कुमार के पास थे।
‘अक्षय कुमार को फिल्म से दूर रखना चाहते थे परेश रावल’
अश्विन वार्दे के अनुसार, उन्हें शुरू से ही इस बात का इल्म था कि अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की अनुमति के बिना इस प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परेश रावल इसी कहानी पर किसी दूसरे शीर्षक (Title) के साथ फिल्म बनाना चाहते थे और इस पूरी परियोजना से वे अक्षय कुमार को दूर रखना चाहते थे।
वकाओ फिल्म्स ने खरीदे स्क्रिप्ट के राइट्स, तब शुरू हुई OMG 2
वार्दे ने खुलासा किया कि कई अभिनेताओं ने इस स्क्रिप्ट को यह कहते हुए ठुकरा दिया था कि यह स्पष्ट रूप से OMG की कहानी है। उन अभिनेताओं ने परेश रावल को सलाह भी दी थी कि वे पहले अक्षय कुमार की सहमति लें। इसके बाद, कहानी को सुरक्षित रखने के लिए वकाओ फिल्म्स (Wakaoo Films) ने अमित राय की स्क्रिप्ट के अधिकार हासिल किए और बाद में इसे अक्षय कुमार के सामने प्रस्तुत किया। इसके बाद ही आधिकारिक तौर पर ‘OMG 2’ का निर्माण शुरू हो सका।
‘हमने उन्हें धोखा नहीं दिया, बल्कि गलत करने से रोका’
अश्विन वार्दे ने यह भी स्पष्ट किया कि परेश रावल को फिल्म में एक अभिनेता के रूप में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया था। वार्दे और अक्षय कुमार के काफी समझाने के बावजूद परेश ने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। वार्दे ने बताया कि इसके बावजूद परेश रावल को फिल्म में निर्माता का क्रेडिट (Producer Credit) और उनका पूरा पारिश्रमिक दिया गया था। उन्होंने इस बात को दोहराया कि किसी ने भी उनके साथ धोखा नहीं किया है। अपने बयान के अंत में वार्दे ने सख्त लहजे में कहा, “अगर हम किसी बात के दोषी हैं, तो सिर्फ इस बात के कि हमने उन्हें ऐसा (गलत) करने से रोक दिया।”
यह खबर आपको कैसी लगी?


मनोरंजन




























