खंडवा/मूंदी: जिस बदहाल खंडवा-मूंदी मार्ग पर आम जनता पिछले तीन साल से हिचकोले खा रही है, उस मार्ग पर पहली बार सफर करने पर जिले के प्रभारी मंत्री को भी तगड़े झटके लगे। बुधवार को मूंदी में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण करने के बाद प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी मूंदी से सिहाड़ा तक इसी जर्जर मार्ग से आए। इसके बाद सिहाड़ा से कोटवाड़ा और एनवीडीए रोड होते हुए वे सर्किट हाउस पहुंचे। यहां मंत्री ने मीडिया के सामने स्पष्ट रूप से कबूल किया कि मार्ग के हालात वास्तव में बेहद खराब हैं। हालांकि, इसके बाद उन्होंने वही पुराना रटा-रटाया जवाब दिया कि यह सड़क मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है और इसका निर्माण जल्द ही किया जाएगा।
दो विधानसभाओं को जोड़ने वाले रोड की किसी को सुध नहीं
पिछले तीन साल से दो विधानसभाओं के बीच 32.6 किलोमीटर लंबे इस जर्जर रोड की कोई सुध लेने वाला नहीं है। हालात ये हैं कि इस रोड से खंडवा-मूंदी आने-जाने वाले वाहन 10 किमी का अतिरिक्त फेरा लगाकर कालमुखी और नागचून के रास्ते आ-जा रहे हैं। पहले एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) की सहायता से इस रोड का निर्माण होना था, लेकिन बैंक ने हाथ खींच लिए। इसके बाद पिछले साल मुख्यमंत्री ने इस रोड के लिए अनुपूरक बजट स्वीकृत होने की घोषणा भी की थी। उस घोषणा को भी एक साल बीत चुका है, लेकिन रोड के हालात जस के तस बने हुए हैं।
तीन साल में 75 करोड़ से 193 करोड़ तक पहुंची लागत
पिछले तीन साल से यह रोड सिर्फ वादों और कागजों में ही बन रहा है। इस लेटलतीफी के कारण इसकी निर्माण लागत भी बढ़कर ढाई गुना से ज्यादा हो गई है। तीन साल पहले इस रोड का बजट 75.60 करोड़ रुपये था, जो बढ़ते-बढ़ते 153 करोड़ तक पहुंच गया। वहीं, इस साल इसका बजट 188 करोड़ रुपये बताते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा डीपीआर (DPR) तैयार करने की बात कही गई। मांधाता विधायक नारायण पटेल के अनुसार, अब खंडवा-मूंदी रोड के लिए 193 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की जा रही है।
डेढ़ करोड़ से ज्यादा सिर्फ पैचवर्क पर हुए खर्च, गड्ढे जस के तस
पिछले तीन साल में इस रोड के पैचवर्क पर ही मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर चुका है। इसी साल करीब 70 लाख रुपये का पैचवर्क इस रोड पर करना बताया गया, लेकिन यह पैचवर्क कहां हुआ, यह किसी को नहीं पता। आज भी रोड पर मौजूद वर्षों पुराने विशाल गड्ढे MPRDC के दावों और पैचवर्क की पोल खोल रहे हैं। पैचवर्क की गुणवत्ता को लेकर खंडवा विधायक ने भी इसका दौरा किया था, लेकिन ठेकेदार पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
‘सीएम से करूंगा बात, जल्द होगा निर्माण’
सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी ने कहा, “मूंदी रोड की हालत वास्तव में बेहद खराब है। इस रोड के निर्माण के लिए मैं स्वयं मुख्यमंत्री से बात करूंगा। यह रोड उनकी प्राथमिकता सूची में शामिल है, इसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा।” लोगों को अब उम्मीद है कि शायद प्रभारी मंत्री के इस अनुभव के बाद सड़क निर्माण के कार्य में कोई तेजी आएगी।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























