हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस और नशा तस्करी के आरोपियों के बीच सोमवार देर शाम से लेकर मंगलवार सुबह तक चली जोरदार मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन के कुशल मार्गदर्शन में शाहबाद पुलिस ने नशा तस्करी के मुख्य आरोपी गौरव (वासी जंधेड़ी) और संजू (वासी कैथल) को दबोच लिया है. पुलिस टीम ने जब आरोपियों की कार की तलाशी ली, तो उनके पास से करीब 40 लाख रुपए की भारी कीमत का 200 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद हुआ. मंगलवार सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी संजू को इलाज के लिए तुरंत आदेश अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है.
🔫 नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर की गई फायरिंग, एक आरोपी मौके पर काबू तो दूसरा खेतों में भागा
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए थाना शाहबाद के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि 19 अक्टूबर की शाम को पुलिस चौकी शहर शाहबाद के प्रभारी पीएसआई मांगे राम और उनकी टीम गश्त पर थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी गौरव और संजू अपनी कार (नंबर HR-33-C-1435) में भारी मात्रा में स्मैक और चिट्टा लेकर शाहबाद की ओर आने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंधेड़ी रोड पर नहर के पास तुरंत नाकाबंदी कर दी. जैसे ही संदिग्ध कार वहाँ पहुँची और पुलिस ने उसे रोकना चाहा, तो कंडक्टर साइड बैठे युवक ने पुलिस टीम पर जान से नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी चेतावनी दी, जिसके बाद एक आरोपी गौरव को कार समेत मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी खेतों की तरफ फरार होने में कामयाब रहा.
⚡ मारकंडा एरिया में दोबारा हुई मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हुआ दूसरा आरोपी
फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश के लिए निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने मारकंडा एरिया में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. पुलिस टीम को जैसे ही आरोपी के उस इलाके में छिपे होने की सूचना मिली, उन्होंने घेराबंदी कर उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन शातिर आरोपी संजू ने पुलिस टीम पर फिर से दो राउंड फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने गोली चलाई, जो आरोपी संजू की टांग पर जा लगी, जिससे वह काबू में आ गया. पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गौरव के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और कुरुक्षेत्र के शाहबाद तथा बाबैन थानों में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही 6 गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही अन्य आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है.
यह खबर आपको कैसी लगी?


हरियाणा




























