रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रावटी क्षेत्र में ग्वालियर के शीतला माता मंदिर जैसी किसी बड़ी भीषण दुर्घटना होने से बाल-बाल टल गई। यहां के अत्यंत व्यस्ततम बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में महुआ से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सीधे एक नमकीन और मिठाई की दुकान में जा घुसा। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त व्यापारी का पूरा परिवार दुकान के भीतर ही मौजूद था और ट्रक दीवार से टकराकर रुक गया, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
महुआ से भरे ट्रक ने मचाई बाजार में अफरा-तफरी
यह घटना शनिवार सुबह की है, जब महुआ से लदा हुआ एक भारी ट्रक रावटी बस स्टैंड इलाके में बेकाबू होकर एक स्थानीय दुकान में घुस गया। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे बाजार क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद सतर्क लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए व्यापारी के परिवार को दुर्घटनाग्रस्त दुकान से सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर रावटी थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर महुआ से भरे ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में महुआ का ट्रांसपोर्टेशन किस आधार पर किया जा रहा था।
सकरी सड़कों और भारी वाहनों के आवागमन से परेशान हैं लोग
रतलाम के रावटी में बस स्टैंड और मुख्य बाजार की सड़कें काफी संकरी हैं, जिस वजह से यहां रोजमर्रा की जिंदगी में जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी क्षेत्र में साप्ताहिक हाट भी आयोजित होता है, और यहां से लगातार बड़ी संख्या में बसें व लोडिंग ट्रक गुजरते हैं, जिससे स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शनिवार की सुबह इसी संकरे रास्ते के कारण महुआ से भरा ट्रक स्थानीय सेव-नमकीन व्यापारी मुकेश राठौड़ की दुकान में जा घुसा।
‘आगे दुकान और पीछे मकान, बाल-बाल बचा परिवार’
परिवार के सदस्य प्रहलाद राठौड़ ने आपबीती साझा करते हुए बताया कि उनके मकान के आगे हिस्से में नमकीन-मिठाई की दुकान है और पीछे पूरा परिवार रहता है। उन्होंने बताया कि सुबह अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और ट्रक सीधे घर व दुकान के अंदर घुस गया। शुक्र इस बात का था कि यह हादसा दोपहर के वक्त नहीं हुआ, क्योंकि उस समय बाजार में भारी भीड़ रहती है और ग्वालियर जैसी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
पुलिस ने वाहन को किया जब्त, दस्तावेजों की हो रही जांच
पूरे मामले पर जानकारी देते हुए रावटी थाना प्रभारी मनीष डावर ने बताया कि शनिवार सुबह एक दुकान में ट्रक के टकराने और अनियंत्रित होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर थाने ले आई है। ट्रक में भरे महुआ के बोरों और उसके वैध दस्तावेजों को लेकर चालक व वाहन मालिक से आवश्यक पूछताछ की जा रही है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


मध्यप्रदेश




























