सूरजपुर: जिले में एक नाबालिग विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के उमापुर गांव में 17 सितंबर को नाबालिग विवाहिता ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
परिजनों ने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण तंग आकर उसने अपनी जान दे दी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी भी जारी है और जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
🔪 अवैध संबंध में खौफनाक वारदात: प्रेमी की हत्या के आरोप में मां-बेटा गिरफ्तार
वहीं, सूरजपुर पुलिस ने एक अन्य सनसनीखेज मामले में भैयाथान विकासखंड में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। मामला चेंद्रा चौकी क्षेत्र के पकनी गांव का है। जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय मृतक प्रभु नारायण कुशवाहा उर्फ सूरज का गांव की ही राधा देवांगन के साथ अवैध संबंध था। इस बात की भनक राधा के बेटे करण देवांगन को लग गई।
कुछ दिन पहले ही चेन्नई से लौटे करण ने अपनी मां को प्रभु नारायण के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इससे आक्रोशित होकर उसने डंडे से पीट-पीटकर प्रभु नारायण की बेरहमी से हत्या कर दी।
🩸 शव ठिकाने लगाने की साजिश हुई नाकाम, पुलिस ने दबोचा
हत्या के बाद मां ने बेटे के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए और शव उनके घर पर ही रह गया। जल्द ही इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को लग गई और सूचना मृतक के भाई को दी गई।
भाई की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि झुब्ध बेटे ने इस वारदात को अंजाम दिया और मां ने साक्ष्य मिटाने व शव को ठिकाने लगाने में मदद की, इसलिए उसे भी सह-आरोपी बनाया गया है। बता दें कि मृतक प्रभु नारायण की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी और आरोपी राधा देवांगन भी अपने पति से अलग रहती थी। मृतक का बड़ा भाई भी काम के सिलसिले में बाहर रहता है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


छत्तीसगढ़



























