बिलासपुर: पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव व जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक की नियुक्ति और पदभार ग्रहण करने की खुशी में बैंडबाजा व डिस्को लाइट व्यापारी संघ ने रविवार को दोनों दिग्गज कांग्रेसी नेताओं का अनोखा स्वागत किया। बग्गी में बैठाकर स्वागत बरात रैली निकाली। आगे-आगे बैंडबाजा की धुन पर व्यापारी संघ के पदाधिकारी नाचते और नारेबाजी करते जा रहे थे। पीछे मोहल्लेवासियों की भीड़ थी। गांधी चौक से निकली स्वागत बरात रैली कतियापारा सूर्यवंशी मोहल्ले में समाप्त हुई। यहां व्यापारी संघ ने दोनों दिग्गज नेताओं के स्वागत में सम्मान समारोह का आयोजन किया था।
बैंडबाजा एवं डिस्को लाइट व्यापारी संघ बिलासपुर द्वारा गांधी चौक में छत्तीसगढ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव व जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक का स्वागत किया। व्यापारी संघ ने अटल व प्रमोद को बग्गी में बैठा कर स्वागत बरात निकाली। इनके साथ प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय व वकील प्रदीप राजगीर भी बैठे थे। बैंड बाजा डिस्को लाइट डेकोरेशन संघ की स्वागत बरात गांधी चौक से होते हुए कतियापारा के सूर्यवंशी भवन में समाप्त हुआ। यहां सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कहा कि आज के कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण नगर निगम के महापौर रामशरण यादव उपस्थित नहीं हो सके हैं। महापौर से बात कर काम्प्लेक्स की व्यवस्था की जाएगी। व्यापार के लिए लोन शासन के संबंधित विभाग से बात कर प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो लोग आपके व्यवसाय में कर्मचारी के रूप में काम कर रहे हैं उन्हें असंगठित मजदूरों को मिलने वाले लाभ और योजनाओं को दिलाने का प्रयास श्रम विभाग द्वारा शिविर लगाकर किया जाएगा। उन्होंने मौके से ही मोबाइल के जरिए श्रम विभाग के अधिकारियों व अंत्यावसायी निगम के अधिकारियों से बातचीत की। शासन की योजनाओं का लाभ बैंड बाजा व्यापारी संघ को शीघ्र दिलाने की बात कही। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक ने व्यापारी संघ को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
मोहल्लेवासियों ने किया स्वागत
गांधी चौक से सूर्यवंशी भवन तक इस अनोखे स्वागत बरात को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोग खड़े हुए थे। स्वागत बरात जैसे ही मोहल्ले में पहुंची मोहल्लेवासियों ने जमकर फूलों की बारिश की। बैंड बाजा की धुन में लोग नाचते गाते फूलों की वर्षा करते अतिथियों को सम्मान समारोह स्थल तक लेकर मोहल्लेवासी पहुंचे। स्वागत भाषण अधिवक्ता प्रदीप राजगीर ने दिया।
व्यापारी संघ का प्रतिवेदन एवं मांग पत्र अध्यक्ष नासिर खान ने दोनों अतिथियों को सौंपा। इस अवसर पर पीसीसी के सचिव महेश दुबे, अकबर खान, तैयब हुसैन, अधिवक्ता लकी यादव, व्यापारी संघ के संरक्षक छोटेलाल जयसवाल, सुरेश पहाड़ी,अध्यक्ष नासिर खान,सचिव अशोक सोनी,कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार सहित संघ के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित थे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


देश



























