खंडवा। अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खंडवा तहसील के जावर सर्किल अंतर्गत रविवार को ग्राम भकराडा में मुरम के अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और पटवारी पर जानलेवा हमला करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला भी सामने आया है।
⚠️ पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास, बाल-बाल बची जान
हल्का पटवारी मयंक फुलेरिया जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि भकराडा की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मुरम का उत्खनन किया जा रहा था। मौके पर 1 जेसीबी मशीन और 4 ट्रैक्टर मौजूद थे, जिनके जरिए मुरम को पास के मुर्गी केंद्र तक ले जाया जा रहा था। पटवारी को देखकर मौके पर मौजूद लोग भागने लगे। पटवारी द्वारा रोके जाने पर ट्रैक्टर चालक कुंदन पिता गजेंद्र राजपूत (निवासी भकराडा) ने पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि, पटवारी ने सतर्कता दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई।
🛑 गड्ढे में फंसी जेसीबी, मौके से जब्त कर थाने में रखवाई
जानलेवा हमले के बाद सभी ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर सहित भाग गए, लेकिन जेसीबी गड्ढे में फंसने के कारण निकल नहीं पाई। प्रशासन ने इसे तुरंत जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार जेसीबी मशीन के ड्राइवर का नाम सावन पिता राजू भिलाला (निवासी बांगरदा) और एक अन्य ट्रैक्टर के ड्राइवर का नाम मुकेश सोलंकी (निवासी बिजोरा भील) था।
⚖️ आरोपियों के खिलाफ जावर थाने में FIR दर्ज
इनका कहना है: खंडवा के तहसीलदार महेश सोलंकी ने बताया कि मौके से जेसीबी मशीन को जब्त कर थाना जावर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। अनावेदकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 110, 303(2) व 3(5) के तहत तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21 एवं 4 के तहत थाना जावर में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में अन्य दंडात्मक कार्यवाही की जा रही है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























