खंडवा। खंडवा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। दिनांक 23.05.2026 को थाना धनगांव पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग ग्राम सुलगांव में सनावद-पुनासा रोड पर, नायरा पेट्रोल पंप के पीछे खेत में बैठकर ताश-पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई।
⛓️ घेराबंदी कर 4 आरोपियों को दबोचा, 4 मौके से हुए फरार
मुखबिर की सूचना पर विश्वास करते हुए थाना धनगांव पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से आरोपी दशरथ (30 वर्ष, निवासी बखरगांव), लाला उर्फ लक्ष्मीनारायण (45 वर्ष, निवासी मेन बाजार, पुनासा), रमीज (32 वर्ष, निवासी ढकलगांव, जिला खरगोन) और अनवर (40 वर्ष, निवासी ढकलगांव) को रंगेहाथ पकड़ लिया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य चार आरोपी—नईम (निवासी सुलगांव), महिपाल सिंह (निवासी सगड़ियाव) व अन्य दो मौके से फरार होने में सफल हो गए।
💰 51 हजार कैश, मोबाइल और बाइक जप्त; जुआ एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए 4 आरोपियों के कब्जे से कुल 51,100 रुपये नगद, ताश की गड्डी, 6 मोबाइल एवं 6 मोटरसाइकिलें जप्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी धनगांव निरीक्षक जी. पी. वर्मा, प्रधान आरक्षक सचिन पाटिल, आरक्षक आकाश शर्मा, मयाराम जामले और ब्रजकिशोर पंवार की मुख्य भूमिका रही।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























