बेंगलुरु। गाजियाबाद पुलिस द्वारा जारी नोटिस के खिलाफ ट्विटर के प्रबंध निदेशक मनीष माहेश्वरी की याचिका पर कर्नाटक हाई कोर्ट मंगलवार को सुनवाई करेगा। ट्विटर इंडिया के एमडी मनीष माहेश्वरी ने कर्नाटक कोर्ट में याचिका दाखिल कर गाजियाबाद पुलिस के नोटिस को चुनौती दी है। याचिका में सेक्शन-41 ए के तहत दिए गए नोटिस को चुनौती दी गई है।
दरअसल यह मामला एक बुजुर्ग की पिटाई का वीडियो वायरल होने से जुड़ा है। मनीष माहेश्वरी को 24 जून तक लोनी बार्डर थाने पर में बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वो नहीं पहुंचे थे। गाजियाबाद पुलिस मामले में पूछताछ के लिए ट्विटर इंडिया के एमडी की शारीरिक उपस्थिति चाहती है। वहीं, 24 जून को हाई कोर्ट ने सुनवाई करते हुए मनीष माहेश्वरी को बड़ी राहत दी थी। कोर्ट ने अंतरिम राहत देते हुए गाजियाबाद पुलिस को मनीष माहेश्वरी के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि अगर गाजियाबाद पुलिस ट्विटर एमडी से पूछताछ करना चाहती है तो वह वर्चुअली कर सकती है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


देश



























