खंडवा। इंदौर में जैन संत आचार्य विजय राजजी महाराज साहब के आज्ञानुवर्ती पारस मुनि महाराज साहब, अभिनंदन मुनि, विनोद मुनि और विदित मुनि महाराज साहब के सानिध्य में 7 से 20 वर्ष के बच्चों का पांच दिवसीय धार्मिक शिविर संपन्न हुआ। 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चले इस पांच दिवसीय शिविर में जैन बच्चों ने सांसारिक सुख, मोह-माया छोड़ संत वस्त्र धारण कर संतों का जीवन जिया और धार्मिक शिक्षा ग्रहण की।
✨ बच्चों ने कूलर-मोबाइल छोड़ जिया सादगी भरा जीवन
इस दौरान सुबह 5 बजे उठकर बच्चे संत वस्त्र धारण कर प्रार्थना से अपने दिन की शुरुआत करते थे। संतों द्वारा सुबह 7 से 8 बजे तक योगा क्लास और उसके बाद सुबह 9 से शाम 5.30 बजे तक धार्मिक पाठशाला के माध्यम से धार्मिक शिक्षा दी गई। शाम 7 बजे से बच्चों को प्रतिक्रमण कराया गया। इस पूरी अवधि के दौरान बच्चों ने पंखे, कूलर और मोबाइल जैसी सुख-सुविधाओं का पूरी तरह से त्याग रखा।
👥 खंडवा के 50 बच्चों ने लिया हिस्सा, संयोजिका जयश्री बोथरा का हुआ सम्मान
श्वेतांबर जैन समाज के प्रचार मंत्री ने बताया कि इन्दौर में आयोजित इस पांच दिवसीय शिविर में मुख्य संयोजिका के रूप में खण्डवा की जयश्री बोथरा, पायल बोथरा, सेजल मेहता एवं कीर्ति मेहता को नियुक्त किया गया था। खंडवा की जयश्री बोथरा के मार्गदर्शन में खंडवा, हरसूद, मूंदी, खालवा आदि के लगभग 50 बच्चों ने शिविर में भाग लिया। इसके लिए श्रीसंघ इन्दौर द्वारा श्रीमती जयश्री राजेशजी बोथरा का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने खण्डवा से अधिक से अधिक बच्चों को शिविर में सहभागी बनाया।
💐 खंडवा लौटने पर बच्चों और संयोजकों का हुआ भव्य स्वागत
शुक्रवार शाम खण्डवा आगमन पर सकल जैन संघ द्वारा सभी बच्चों और संयोजकों का भव्य स्वागत एवं सत्कार किया गया। जयश्री बोथरा द्वारा सभी बच्चों को बैग की प्रभावना प्रदान की गई। नवयुवक मंडल के आरुषजी सकलेचा, प्रदीपजी मेहता एवं बहुमंडल की रचना चौरड़िया द्वारा भी सभी बच्चों का बहुमान कर प्रभावना वितरित की गई।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























