खंडवा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की कबड्डी टीमें भोपाल रीजनल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इटारसी गई थीं। भोपाल रीजन के अंतर्गत आने वाले करीब 60 स्कूलों की 12 टीमों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहां खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खंडवा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय से अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग की टीमें भी खेलने गई थीं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके दोनों वर्गों की विजेता टीमों ने खंडवा को गोल्ड मेडल दिलवाया।
🥇 इन खिलाड़ियों ने दिखाया दम, नेशनल टूर्नामेंट के लिए हुआ चयन
दोनों ही वर्गों में 10-10 खिलाड़ी टीम में शामिल हैं। अंडर 14 टीम में अर्णव दास, शेख सूफियान, आदित्या मीणा, ध्रुव कुमार, नक्श पाल, मुदित तिवारी, सोहम, सोमिल, हर्ष कुमरावत और विजयंत शामिल थे। वहीं अंडर 17 में अंश कामटे, मिस्बाह खान, हैरिश खान, तनिष्क परखे, अंकित, राज, तन्मय, शिवम, अभिजीत ओंकार और आदित्य सोनगरे शामिल थे। कोच शुभम जैन और अभिनव सुल्या टीम लेकर इटारसी गए थे। प्रतियोगिता में खंडवा के कबड्डी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीता, जिसमें अंडर 14 के सभी खिलाड़ियों और अंडर 17 से तीन खिलाड़ियों (मिस्बाह, अंश और तनिष्क) का नेशनल के लिए चयन हुआ है। इन्होंने अपने विद्यालय का शानदार प्रतिनिधित्व किया।
💐 विजेता खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत
गोल्ड मेडल जीतने के पश्चात खंडवा स्टेशन पर पहुंची टीम के खिलाड़ियों का स्वागत समाजसेवी सुनील जैन, नारायण बाहेती, आशीष चटकेले के साथ खिलाड़ियों के परिजनों ने किया। टीम के चयन के लिए पहले विद्यालय स्तर पर अभ्यास और चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। कोच और शिक्षकों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया था।
👏 उम्मीदों पर खरे उतरे खिलाड़ी, विद्यालय परिवार ने दी बधाई
शिक्षकों ने उम्मीद जताई थी कि टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेगी, और सभी खिलाड़ियों ने उनके भरोसे को टूटने नहीं दिया। आपको बता दें कि यह प्रतियोगिता इटारसी में 28, 29 और 30 अप्रैल तक पूरे तीन दिनों तक चली। विद्यालय परिवार ने टीम को इस बेहतरीन जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























