खंडवा। दादाजी की नगरी खंडवा में कुछ वर्ष पूर्व प्रमुख स्थानों पर भागवत कथा, राम कथा होती थी, लेकिन अब धर्म की प्रभावना हेतु मोहल्ले-मोहल्ले में भागवत कथा और राम कथा का आयोजन किया जाता है। कथा के माध्यम से धर्म की प्रभावना होती है, और युवा भी कथा से जुड़ रहे हैं। नगर और खंडवा जिले में डोंगरे महाराज से लेकर देश के बड़े-बड़े संतों ने कथा का रसपान श्रद्धालुओं को करवाया है।
✨ पुरुषोत्तम मास में कृष्ण प्रिया दीदी सुनाएंगी ‘नानी बाई रो मायरो’
इस वर्ष ज्येष्ठ माह में अधिक मास आ रहा है और भगवत भक्ति के इस पावन पुरुषोत्तम मास में पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति खंडवा द्वारा भक्तिमय आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत देश की प्रसिद्ध एवं देश के चारों धाम व बड़े तीर्थों पर कथा का वाचन कर चुकीं वृंदावन की पूज्य देवी कृष्ण प्रिया दीदी के मुखारविंद से 18 से 22 मई तक ‘नानी बाई रो मायरो’ कथा का आयोजन होगा। श्री गणेश गौशाला परिसर में दादा जी महाराज, गौ माता एवं श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण करवाया जाएगा।
🎪 तैयारियों को लेकर गणेश गौशाला में हुई बैठक, समितियां गठित
समिति के आशीष चटकेले ने बताया कि पूज्य दीदी के मुखारविंद से संगीतमय यह कथा प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक होगी। कृष्ण प्रिया जी की कथा को लेकर श्री गणेश गौशाला में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें संत निवास सेवा, पंडाल व्यवस्था, ध्वनि एवं विद्युत व्यवस्था, मंच व्यवस्था, प्रसादी वितरण, पेयजल व्यवस्था, कार्यालय व्यवस्था, साज-सज्जा व्यवस्था, आरती व पूजन व्यवस्था और प्रचार-प्रसार आदि व्यवस्थाओं के लिए समितियों के संबंध में चर्चा की गई एवं पदाधिकारी नियुक्त किए गए।
👥 जल्द होगी वृहद बैठक, कार्यक्रम की रूपरेखा पर हुई विस्तृत चर्चा
आने वाले दिनों में एक वृहद बैठक बुलाकर आयोजन को और सुव्यवस्थित व भव्य बनाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कथा की संपूर्ण जानकारी एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर समिति के संयोजक आशीष चटकेले ने अपनी बात रखी। बैठक का संचालन भूपेंद्र सिंह चौहान ने किया। इस बैठक में रामचंद्र मौर्य, सुनील जैन, संजय दुबे, मंगलेश तोमर, रितेश चौहान, राकेश बंसल, नारायण बाहेती, ललित सेन, नरेश जांगिड़, ओमप्रकाश दशोरे, सर्वेश राठौर, पंडित अमित दाधीच, डॉ. अजय लाड़, संतोष मालवीय, मांगीलाल जांगिड़, पंकज अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, शिव तिवारी, कैलाश पटेल, मंगलेश शर्मा और नागेश वालांजकर उपस्थित रहे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























