छैगांवमाखन। खंडवा से डुल्हार तक निर्माणाधीन सड़क का पंधाना विधायक छाया मोरे ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 19 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण करीब 45 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। यह सड़क कुल 16 मीटर चौड़ी होगी, जिसमें से 12 मीटर के हिस्से में डामरीकरण (Bitumen) किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक छाया मोरे ने पंधाना से डुल्हार सड़क निर्माण की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले इस सड़क की हालत अत्यंत जर्जर थी, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों का सफर सुरक्षित होगा और समय की भी बचत होगी।
क्षेत्र के विकास का संकल्प: विधायक मोरे ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाने का जो संकल्प लिया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत क्षेत्र में अभी 29 अन्य सड़कों का निर्माण होना शेष है, जो ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने पंधाना में 50 बेड वाले नए अस्पताल के निर्माण को जल्द शुरू करवाने की बात कही और बताया कि आगामी समय में मुख्यमंत्री स्वयं क्षेत्र का दौरा कर नए निर्माण कार्यों का भूमि पूजन करेंगे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























